नीतीश के राज्यसभा के लिए नामांकन करते ही खूब बोले अमित शाह, अब यहां देंगे महत्वपूर्ण योगदान, ऐसे मिलेगा फायदा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नामांकन पर बोलते हुए शाह ने कहा कि नीतीश जी फिर से राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश कर रहे हैं और यह स्वागतयोग्य कदम है।

Amit Shah spoke highly on Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Nitish Kumar:  पटना में राज्यसभा नामांकन कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वे नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, शिवेश राम और रामनाथ ठाकुर के नामांकन के अवसर पर पटना आए हैं। अमित शाह ने नितिन नवीन को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई है और अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। शाह ने विश्वास जताया कि वे राज्यसभा के माध्यम से संसद में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

जंगलराज से दिलाई मुक्ति

 उन्होंने कहा, नीतीश कुमार ने बिहार से राज्यसभा सदस्य का आज नामांकन भरा है।  बीते दो दशकों से बिहार की जनता के कल्याण के लिए आपकी प्रतिबद्धता और समर्पित नेतृत्व ने प्रदेश को जंगलराज से मुक्त कर विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाया है। जनसेवा का आपका व्यापक अनुभव तथा नीति-निर्माण की गहरी समझ राज्यसभा की कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाएगी। आपकी गरिमामयी उपस्थिति से NDA के 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प को और भी मजबूती मिलेगी।


नीतीश कुमार के नेतृत्व की तारीफ 

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नामांकन पर बोलते हुए शाह ने कहा कि नीतीश जी फिर से राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश कर रहे हैं और यह स्वागतयोग्य कदम है। उन्होंने कहा कि 2005 से अब तक नीतीश कुमार ने लगातार बिहार का नेतृत्व किया है और उनका कार्यकाल बेहद सफल रहा है। शाह ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में आधारभूत संरचना का व्यापक विकास हुआ। गांव-गांव तक सड़कों का जाल बिछाया गया और हर घर तक बिजली पहुंचाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक जीवन में नीतीश कुमार पर आज तक कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं लगा है।


जेपी आंदोलन में उनकी भूमिका का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे हैं और अब दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी भूमिका निभाएंगे। राज्यसभा नामांकन को लेकर पटना में राजनीतिक हलचल तेज रही और इस मौके पर कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नीतीश का पूरा हुआ सपना 
दरअसल, नीतीश कुमार ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से राज्यसभा जाने की घोषणा की है. इसमें उन्होंने यह भी बताया है कि वे पहले ही विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं. लेकिन उनकी इच्छा थी कि वे उच्च सदन के सदस्य बनें यानी राज्यसभा सदस्य बनें. अब उनका यह सपना पूरा हो रहा है. उन्होंने इसे लेकर एक पोस्ट लिखा है.

उन्होंने लिखा है - 'पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।'


वे आगे लिखते हैं कि 'संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।'