Anant Singh: भोजपुर में अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन जैसा स्वागत, उमड़ा जनसैलाब, जेसीबी से बरसाए गए फूल

Anant Singh: बिहार की सियासत में चर्चित नाम और मोकामा के विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार का बनारस रवाना होने के दौरान भोजपुर जिले में जोरदार अभिनंदन किया गया।...

अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन जैसा स्वागत- फोटो : reporter

Anant Singh: बिहार की सियासत में चर्चित नाम और मोकामा के विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार का बनारस रवाना होने के दौरान भोजपुर जिले में जोरदार अभिनंदन किया गया। पटना से बनारस की ओर जा रहे अनंत सिंह जैसे ही भोजपुर की सीमा में दाखिल हुए, समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आरा के कायम नगर से लेकर बामपाली तक जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही। स्वागत के दौरान ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के बीच समर्थकों ने नारे लगाकर उनके प्रति अपना उत्साह जाहिर किया।

बताया गया कि अनंत सिंह पटना से सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ बनारस के लिए रवाना हुए थे। उनके आरा पहुंचने की खबर मिलते ही समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। कायम नगर में कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया। इसके बाद फोरलेन सड़क पर बामपाली के पास भी बड़ी संख्या में लोग उनके अभिनंदन के लिए मौजूद रहे। यहां स्वागत का नजारा और भव्य हो गया। समर्थकों ने जेसीबी मशीन के जरिए फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया।

इस पूरे आयोजन में राष्ट्रीय स्वयं संगठन एवं वीर बरमेश्वर सेवा के राष्ट्रीय संयोजक मोनू सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। समर्थकों ने अनंत सिंह को माता आरण्य देवी के प्रतीक स्वरूप चुनरी भेंट की। इसके साथ ही फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। आयोजन के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया। वे लगातार अनंत सिंह के समर्थन में नारेबाजी करते रहे और ‘अनंत सिंह जिंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंजता रहा।

अपने स्वागत में उमड़ी भीड़ और समर्थकों के उत्साह को देखकर अनंत सिंह भी काफी प्रसन्न दिखाई दिए। उन्होंने इस गर्मजोशी भरे अभिनंदन का अभिवादन किया। भोजपुर में उनके स्वागत के दौरान जिस तरह बड़ी संख्या में लोग जुटे और काफिले के साथ कार्यकर्ताओं की सक्रियता दिखी, उससे इलाके में राजनीतिक हलचल और समर्थकों के बीच उनके प्रभाव की झलक देखने को मिली।

कायम नगर और बामपाली में हुए इस स्वागत समारोह ने अनंत सिंह की बनारस यात्रा को भोजपुर में एक खास सार्वजनिक आयोजन का रूप दे दिया। हालांकि, इस जुटान को लेकर किसी आधिकारिक राजनीतिक कार्यक्रम या शक्ति प्रदर्शन की घोषणा का उल्लेख नहीं है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार