न मंत्री ना मुख्यमंत्री... अनंत सिंह का मन प्रधानमंत्री बनने का, बिहार का मुख्यमंत्री इन्हें बनाना चाहते हैं मोकामा के बाहुबली विधायक

अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार जैसा नेता न पैदा हुआ है और न कोई होगा, लेकिन आगे जेडीयू की कमान संभालने और मुख्यमंत्री बनने के लिए निशांत सबसे बेहतर उम्मीदवार हैं। वहीं उन्होंने खुद के लिए एक बड़ी टिप्पणी की.

Anant Singh- फोटो : news4nation

Anant Singh : मोकामा से जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बिहार की सियासत को लेकर बड़ा बयान दिया है। वर्ष 2005 से लगातार विधायक का चुनाव जीत रहे अनंत सिंह 6 बार के MLA होने पर भी अब तक मंत्री नहीं बने हैं। अब अनंत सिंह ने पहली बार कुछ ऐसा कहा है जो बड़ी सुर्ख़ियों में आ गया है। 


दरअसल, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के जेडीयू की विरासत संभालने संबंधी बयान दिया था, इस पर अनंत सिंह ने बुधवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसा नेता न पहले पैदा हुआ है और न आगे कोई होगा। अनंत सिंह ने कहा कि जेडीयू की विरासत संभालने के लिए निशांत सबसे अच्छे व्यक्ति हैं और मुख्यमंत्री पद के लिए भी निशांत सबसे अच्छे उम्मीदवार हो सकते हैं।


उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा पर तंज कसते हुए उदाहरण दिया कि 'हमको प्रधानमंत्री बनने का मन है तो कौन बनाएगा'? इसी तरह किसी के इच्छा जताने मात्र से किसी पद की जिम्मेदारी नहीं मिल जाती।


उन्होंने एक तरफ पटना में छात्रों पर पुलिस की लाठीचार्ज की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सरकार से उनकी मांगों पर विचार करने की अपील की, तो दूसरी तरफ जेडीयू के भविष्य और मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर भी अपनी पसंद साफ कर दी। अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार जैसा नेता न पैदा हुआ है और न कोई होगा, लेकिन आगे जेडीयू की कमान संभालने और मुख्यमंत्री बनने के लिए निशांत सबसे बेहतर उम्मीदवार हैं।


छात्रों पर लाठीचार्ज को बताया गलत

पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से की गई लाठीचार्ज की कार्रवाई पर अनंत सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें सरकार माने या न माने, यह सरकार का फैसला है, लेकिन जिस तरह से पुलिस ने छात्रों को पीटा, वह गलत है। अनंत सिंह ने कहा कि छात्रों की मांगों को सुनकर सरकार को जो फैसला लेना है, वह करे, लेकिन छात्रों पर इस तरह बल प्रयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की कोशिश होनी चाहिए।


नीतीश कुमार से मुलाकात पर क्या बोले 

हाल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं हैं तो उनसे मिलने में क्या परेशानी है? उन्होंने कहा कि किसी नेता से मिलने में कोई परहेज नहीं होना चाहिए। ललन सिंह से मुलाकात को लेकर भी अनंत सिंह ने कहा कि इसमें कोई खास बात नहीं थी। उन्होंने मुलाकात को सामान्य बताते हुए किसी तरह के राजनीतिक संदेश से इनकार किया।