भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की अपील: रिश्वतखोरी की करें शिकायत, 124 एफआईआर दर्ज कर ब्यूरो ने तोड़ा पुराना रिकॉर्ड

भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों पर नकेल कसने के लिए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आम जनता से खुलकर आगे आने की अपील की है। एडीजी ने मीडिया के माध्यम से प्रदेश की आम जनता से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार को सिरे से 'ना' कहें....

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जनता से अपील- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामलों पर नकेल कसने के लिए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आम जनता से खुलकर आगे आने की अपील की है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि रिश्वतखोरी से जुड़ी प्राप्त होने वाली हर शिकायत का त्वरित सत्यापन किया जाएगा और पुख्ता तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


124 एफआईआर दर्ज कर ब्यूरो ने तोड़ा पुराना रिकॉर्ड, बक्सर में दारोगा घूस लेते गिरफ्तार

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुख्यालय एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने जानकारी दी है कि ब्यूरो ने अपने पिछले सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए अब तक 124 एफआईआर दर्ज की हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को बक्सर जिले में कार्रवाई करते हुए एक दारोगा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की लगातार हो रही कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।


छह सर्कुलर रोड, पटना कार्यालय में करें शिकायत, ब्यूरो ने जारी किया संदेश

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के एडीजी ने मीडिया के माध्यम से प्रदेश की आम जनता से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार को सिरे से 'ना' कहें। यदि कोई भी सरकारी लोक सेवक या कर्मचारी किसी काम के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी बेझिझक शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, छह सर्कुलर रोड, पटना स्थित कार्यालय में दर्ज कराएं। ब्यूरो द्वारा शिकायत का भौतिक सत्यापन कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाया जाएगा।


17 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के बाद शालिग्राम कुमार बने डीएसपी

गृह विभाग की ओर से मिली प्रोन्नति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में पिछले 17 वर्षों से सेवारत शालिग्राम कुमार को पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) के पद से प्रोन्नत कर डीएसपी (DSP) के पद पर पदस्थापित किया गया है। उनके बेहतरीन और समर्पित कार्यों को देखते हुए यह महत्वपूर्ण प्रोन्नति दी गई है। इस अवसर पर ब्यूरो कार्यालय में एक विशेष समारोह का आयोजन कर उन्हें सम्मानित किया गया।


अनिल की रिपोर्ट