एएसआई के बेटे ने किया कमाल, भारतीय सेना में बना लेफ्टिनेंट: आर्थिक तंगी को मात देकर भारत भूषण ने रोशन किया नाम
Patna : पटना ट्रैफिक पुलिस में सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत पप्पू कुमार के बेटे भारत भूषण ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत ने अपने कड़े परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
शेखपुरा के मूल निवासी हैं पप्पू कुमार
मूल रूप से शेखपुरा जिले के अंबारी गांव के रहने वाले एएसआई पप्पू कुमार ने पुलिस विभाग में एक छोटे पद पर कार्यरत रहते हुए भी अपने बच्चों की परवरिश और शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं आने दी। उन्होंने हर परिस्थिति का सामना करते हुए अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का प्रयास किया, जिसे उनके बेटे ने आज सच साबित कर दिखाया।
सैनिक स्कूल और दिल्ली यूनिवर्सिटी से हुई पढ़ाई
पिता के समर्पण को देखते हुए भारत भूषण ने भी अपनी पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने अपनी शुरुआती और स्कूली शिक्षा प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल, कझाकूटम (केरल) से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) से अपना ग्रेजुएशन संपन्न किया और अपनी मेहनत के दम पर सेना में अफसर बनने का सपना पूरा किया।
परिवार और पुलिस महकमे में खुशी की लहर
भारत भूषण के लेफ्टिनेंट बनने की खबर मिलते ही उनके परिवार में जश्न का माहौल है। पिता पप्पू कुमार और परिजनों के साथ-साथ पटना पुलिस महकमे के सहकर्मियों ने भी इस शानदार सफलता पर खुशी जाहिर की है। सहकर्मियों का कहना है कि भारत की यह सफलता उन सभी के लिए प्रेरणादायक है जो विपरीत परिस्थितियों में बड़ा सपना देखते हैं।
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
संघर्षों के बीच मिली भारत भूषण की यह सफलता राज्य के अन्य युवाओं के लिए भी एक बड़ी मिसाल बनी है। भारत भूषण ने साबित कर दिया कि अगर लगन और संकल्प पक्का हो, तो आर्थिक तंगी या साधारण पृष्ठभूमि सफलता के आड़े नहीं आ सकती।
रंजीत की रिपोर्ट