Patna Auto-Rickshaw Rules: पटना में ऑटो-रिक्शा वालों की मनमानी खत्म! अब ऑनलाइन परमिट से तय होगा रूट, बदल गया नियम, ऐसे करें आवेदन

Patna Auto-Rickshaw Rules: पटना में ट्रैफिक जाम की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए परिवहन विभाग ने एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। अब पटना की सड़कों पर दौड़ने वाले हजारों ऑटो और ई-रिक्शा का परमिट पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया है।

ऑनलाइन होगा ऑटो का परमिट - फोटो : social media

Patna Auto-Rickshaw Rules: राजधानी पटना में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात पाने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। अब ऑटो और ई-रिक्शा का परमिट ऑनलाइन जारी किया जाएगा। इसके लिए मई के अंत तक पोर्टल लॉन्च होने की तैयारी है, जबकि आवेदन कब से शुरु होगी इसका निर्णय अगले माह लिया जाएगा। परमिट जारी होने के बाद तय रूट पर ही वाहन चलेंगे।  

पहले आओ-पहले पाओ सिस्टम 

परिवहन विभाग के अनुसार, आवेदन के लिए 15 से 20 दिनों का समय दिया जाएगा। “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर करीब 24 हजार से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा को परमिट जारी किए जाएंगे। पहले से संचालित करीब 8 हजार पुराने परमिट धारकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

तय रूट पर ही चलेगा वाहन

नई व्यवस्था के तहत ऑटो चालकों को आवेदन के दौरान ही अपना मार्ग चुनना होगा। परमिट मिलने के बाद उन्हें उसी तय मार्ग पर वाहन चलाने की अनुमति होगी। यदि किसी एक मार्ग के लिए निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन आते हैं, तो अतिरिक्त आवेदकों को अन्य मार्ग का परमिट दिया जाएगा। शहर को अलग-अलग जोन और मार्गों में बांटकर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन किया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

विशेष श्रेणी में रहेंगे 4000 ऑटो 

करीब 4000 ऑटो को विशेष श्रेणी में रखा जाएगा, जिन्हें सभी मार्गों पर चलने की अनुमति होगी। ये वाहन आपातकालीन और जरूरी सेवाओं के लिए उपयोग किए जाएंगे, ताकि लोगों को अस्पताल, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिल सके। प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल पाएगी।