Bank Strike: बैंक हड़ताल से मचा हड़कंप, आज से चार दिन तक ठप रहेंगी सेवाएं

Bank Strike: बैंकिंग क्षेत्र में अपनी लंबित मांगों को लेकर बैंक यूनियनों का आज देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। ...

बैंक हड़ताल से मचा हड़कंप- फोटो : social Media

Bank Strike: बैंकिंग क्षेत्र में अपनी लंबित मांगों को लेकर बैंक यूनियनों का आज देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियनों की प्रमुख मांगों में हफ्ते में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना समेत कई मुद्दे शामिल हैं। हड़ताल के चलते खासकर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। ग्राहकों को नकदी निकासी, चेक क्लियरिंग और शाखाओं से जुड़े दूसरे जरूरी कामों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

हड़ताल का असर इसलिए भी ज्यादा दिखाई दे सकता है, क्योंकि इसके तुरंत बाद शनिवार और रविवार को बैंकों की नियमित छुट्टी है। इसके अलावा 14 सितंबर को कुछ राज्यों में गणेश चतुर्थी के मौके पर बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में कई राज्यों में बैंकिंग सेवाएं लगातार चार दिनों तक प्रभावित रहने की स्थिति बन गई है।

भारतीय स्टेट बैंक समेत अधिकांश सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने अपने ग्राहकों को पहले ही आगाह किया है कि हड़ताल के कारण शाखाओं में सामान्य कामकाज बाधित हो सकता है। बैंक प्रबंधन ने जरूरी सेवाओं को यथासंभव सामान्य रखने के इंतजाम किए हैं, लेकिन शाखाओं में कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित होने से सेवा की रफ्तार सुस्त पड़ सकती है।

खास तौर पर कैश की उपलब्धता और चेक क्लियरिंग को लेकर ग्राहकों को दिक्कत हो सकती है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई और मोबाइल बैंकिंग जैसी ऑनलाइन सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है, फिर भी तकनीकी या परिचालन संबंधी व्यवधान से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता।

बैंक यूनियनों का कहना है कि उनकी मांगों पर लंबे समय से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। लिहाजा हड़ताल के जरिए बैंक कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद करने का फैसला किया है। लगातार छुट्टियों के बीच हड़ताल से बैंकिंग व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका ने ग्राहकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।