बांकीपुर उपचुनाव: वरिष्ठ नेताओं संग एनडीए उम्मीदवार नीरज सिन्हा पहुंचे पूर्व सीएम के आवास, नीतीश कुमार से लिया आशीर्वाद
बाकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में एनडीए (NDA) के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने एनडीए के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की...
Patna : बाकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में एनडीए (NDA) के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ एनडीए के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आगामी उपचुनाव को लेकर उनका मार्गदर्शन और जीत के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट के अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ 'ललन सिंह' भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नेताओं के बीच बाकीपुर उपचुनाव की रणनीतियों और क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। शीर्ष नेताओं की मौजूदगी ने एनडीए खेमे में नए उत्साह का संचार किया है।
जीत की अग्रिम शुभकामनाएं और हुंकार
मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को पटका पहनाकर और बुके देकर जीत की अग्रिम शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि एनडीए अपनी पूरी ताकत के साथ बाकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मैदान में उतरेगा और इस सीट पर प्रचंड बहुमत से विजय हासिल करेगा।
जनता की सेवा के लिए नीतीश कुमार का मंत्र
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए प्रत्याशी को अपना स्नेह और आशीर्वाद देते हुए चुनावी मैदान में डटने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नीरज कुमार सिन्हा को सीख देते हुए कहा कि वे हमेशा जनता की सेवा के लिए तत्पर रहें और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह समर्पित भाव से कार्य करें, क्योंकि जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है।
उपचुनाव को लेकर एनडीए ने कसी कमर
इस हाई-प्रोफाइल मुलाकात के बाद बाकीपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए कार्यकर्ताओं का जोश हाई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी कहा कि एनडीए के सभी घटक दल पूरी एकजुटता के साथ इस चुनाव को लड़ रहे हैं और क्षेत्र के विकास के एजेंडे को लेकर जनता के बीच जाएंगे। सोमवार से क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान को और तेज किया जाएगा।
नरोत्तम की रिपोर्ट