Patna Bankipur By Election:बांकीपुर उपचुनाव में मुकाबला होगा दिलचस्प, PK के बाद RJD भी उतारेगी बड़ा चेहरा, रेखा गुप्ता पर जता सकती है भरोसा

Patna Bankipur By Election: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव अब पूरी तरह सियासी अखाड़े में बदल चुका है।

खा गुप्ता पर राजद जता सकती है भरोसा- फोटो : reporter

Patna Bankipur By Election: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव अब पूरी तरह सियासी अखाड़े में बदल चुका है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से यह सीट खाली हुई है, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। अब इस चुनाव ने प्रदेश की राजनीति का तापमान बढ़ा दिया है।

सबसे बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम यह है कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने खुद बांकीपुर से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उनकी उम्मीदवारी ने इस उपचुनाव को साधारण चुनाव से सीधे प्रतिष्ठा की लड़ाई में बदल दिया है। प्रशांत किशोर इसे सरकार के कामकाज पर जनता की राय का चुनाव बता रहे हैं।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। हालांकि, पार्टी के अंदर मंथन का दौर तेज है। बुधवार को हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवार चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की। माना जा रहा है कि भाजपा जल्द ही अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर सकती है।

दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल  भी इस मुकाबले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। पार्टी सूत्रों के हवाले से खबर है कि बांकीपुर सीट से रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। रेखा गुप्ता इससे पहले 2025 के विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। ऐसे में पार्टी एक बार फिर उन पर भरोसा जता सकती है। हालांकि, अभी तक राजद की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बांकीपुर उपचुनाव अब सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं रह गया है, बल्कि इसे भाजपा, जन सुराज और राजद के बीच राजनीतिक ताकत और जनाधार की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। एक तरफ भाजपा अपनी परंपरागत सीट बचाने की चुनौती से जूझ रही है, तो दूसरी ओर प्रशांत किशोर इस चुनाव के जरिए अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने की कोशिश में हैं। वहीं राजद भी इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में मजबूत चुनौती देने की तैयारी कर रहा है।अब सभी की निगाहें भाजपा और राजद के आधिकारिक उम्मीदवारों की घोषणा पर टिकी हैं। इसके बाद बांकीपुर का चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- रंजन सिंह