Bihar Corruption News - SVU का बड़ा ऑपरेशन: 40 हजार वेतन वाले जिला शिक्षा अधिकारी के पास 42 लाख नगद, 295% संपत्ति का आरोप
बिहार के बेतिया में SVU की बड़ी कार्रवाई! सहायक अभियंता रौशन कुमार के घर से 42 लाख रुपये नगद बरामद, 295% आय से अधिक संपत्ति का आरोप। 5 लाख रिश्वत कांड में पहले गिरफ्तार। पूरी डिटेल पढ़ें।
Patna - विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने 8 अप्रैल 2026 को बेतिया के सहायक अभियंता एवं जिला शिक्षा परियोजना पदाधिकारी रौशन कुमार के विरुद्ध आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है। विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या-12/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(b), 13(2) एवं 12 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। SVU के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने इसकी पुष्टि की।
पहले रिश्वत कांड में रंगे हाथ पकड़े गए थे
SVU ने 1 मार्च 2026 को रौशन कुमार को 5 लाख रुपये नकद और एक स्मार्ट वॉच रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। उस समय भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कांड संख्या-09/2026 दर्ज हुई थी। गिरफ्तारी के बाद उनके बेतिया स्थित घर की तलाशी ली गई, जिसमें 42,00,500 रुपये नगद जप्त किए गए।
29 महीने में 34 लाख से अधिक आय से ज्यादा सम्पत्ति
अभियुक्त अक्टूबर 2023 से संविदा आधार पर कार्यरत थे। उनका मासिक वेतन मात्र 40,000 रुपये था। कुल आय 11,60,000 रुपये और संभावित बचत 7,73,334 रुपये पाई गई, जबकि 42 लाख रुपये नगद बरामद हुए। इस प्रकार कुल 34,27,166 रुपये (295% से अधिक) की आय से अधिक सम्पत्ति पाई गई।
शिक्षा विभाग में अल्प सेवा काल में भारी धनार्जन
अनुसंधान में पाया गया कि मात्र 29 महीने के अल्प सेवा काल में रौशन कुमार ने वैध आय के स्रोतों से कहीं अधिक अप्रत्याशित धनार्जन किया। SVU ने इस मामले में गहन जांच शुरू कर दी है।
रिश्वत शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
SVU ने आमजन से रिश्वत संबंधी किसी भी शिकायत पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। शिकायतकर्ता SVU के दूरभाष नंबर 0612-2506253 या मोबाइल नंबर 9031633644 पर संपर्क कर सकते हैं।
रिपोर्ट - अनिल कुमार