Bharat Bhushan Tiwari Encounte: बदला लेने का दावा करने वाले सिपाही की खुली पोल, मोतिहारी पुलिस लाइन में तैनात, भरत भूषण तिवारी के चचेरे भाई पर पहले से हैं दो मामले दर्ज

Bharat Bhushan Tiwari Encounte: खुद को पुलिस का सिपाही बताने वाला आशीष तिवारी अपने भाई की मौत का बदला लेने और नौकरी छोड़ने की बात कर रहै था उसकी पोल खुल गई है....

बदला लेने का दावा करने वाले सिपाही की खुली पोल- फोटो : reporter

Bharat Bhushan Tiwari Encounte: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुई घटना, जिसमें भरत भूषण तिवारी की मौत हुई थी, उसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में खुद को पुलिस का सिपाही बताने वाला आशीष तिवारी अपने भाई की मौत का बदला लेने और नौकरी छोड़ने की बात करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में किए गए दावों से अलग हकीकत सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, आरक्षी संख्या-647 आशीष तिवारी वर्तमान में मोतिहारी पुलिस लाइन में तैनात है। उसके खिलाफ पहले से ही दो अलग-अलग विभागीय कार्रवाई लंबित हैं और दोनों मामलों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पहला मामला वर्ष 2023 का है, जब आशीष तिवारी की तैनाती हरपुर ओपी में थी। विभागीय कार्यवाही संख्या 21/2023 के अनुसार, 7 जनवरी 2023 की रात ड्यूटी के दौरान उसने कथित रूप से सहकर्मी पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि उसने गार्ड रूम में हथियार तलाशने की कोशिश की और हथियार नहीं मिलने पर चाकू लेकर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के पीछे दौड़ पड़ा। इस मामले में उसे छह माह की वेतनवृद्धि रोकने की सजा और कड़ी चेतावनी दी गई थी।

दूसरा मामला विभागीय कार्यवाही संख्या 58/2024 से जुड़ा है, जब उसकी तैनाती पिपरा कोठी थाने में थी। आरोप है कि 17 अगस्त 2024 को ड्यूटी के दौरान उसने सहकर्मियों और गार्ड के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा 9 एमएम पिस्तौल कॉक कर फायरिंग कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे अधिकारियों को भी धमकाने और उन पर फायर करने का आरोप है। दबाव बढ़ने पर उसने खुद को गोली मारने की धमकी भी दी थी।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 173/2024 दर्ज है। फिलहाल दोनों मामलों की विभागीय जांच जारी है, जबकि वायरल वीडियो को लेकर भी पुलिस तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट कर रही है।