बिहार में ई-चालान पर बड़ी राहत, 31 मार्च 2026 तक पुराने चालानों पर 50% छूट, ऐसे लें फायदा

सरकार का कहना है कि इस पहल का मकसद लोगों को पुराने मामलों का आसानी से निपटारा करने का अवसर देना है, साथ ही लंबित मामलों की संख्या कम करना भी है।

e-challan in Bihar- फोटो : news4nation

E-challan in Bihar : बिहार सरकार ने वाहन चालकों को बड़ी राहत देते हुए पुराने ई-चालानों पर 50 प्रतिशत तक की छूट देने का फैसला किया है। यह छूट उन ई-चालानों पर लागू होगी, जो 90 दिनों से अधिक समय से लंबित हैं। सरकार के इस निर्णय के तहत ऐसे चालानों का निपटारा 31 मार्च 2026 तक रियायती दर पर किया जा सकेगा।


राज्य के परिवहन विभाग के प्रस्ताव पर यह फैसला लिया गया है, जिससे लाखों वाहन मालिकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। अनुमान है कि पटना सहित पूरे बिहार में करीब 5 लाख से अधिक वाहन मालिकों के ई-चालान लंबे समय से लंबित हैं।


सरकार का कहना है कि इस पहल का मकसद लोगों को पुराने मामलों का आसानी से निपटारा करने का अवसर देना है, साथ ही लंबित मामलों की संख्या कम करना भी है। मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत जारी इन चालानों को लेकर अक्सर वाहन मालिकों को परेशानी होती थी, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।


यह योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लागू रहेगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर ही इसका लाभ लिया जा सकेगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस अवसर का फायदा उठाकर अपने लंबित चालानों का जल्द निपटारा करें, ताकि भविष्य में किसी तरह की कानूनी परेशानी से बचा जा सके।