Bihar Politics: बिहार की 17वीं विधानसभा आज होगी भंग, सीएम नीतीश सौंपेंगे इस्तीफा, मंत्रिमंडल में फंसा पेंच, BJP-JDU में तनाव? तीन बड़ी बैठक...
Bihar Politics:
Bihar Politics: बिहार की 17वीं विधानसभा का कार्यकाल आज यानी 19 नवंबर को समाप्त हो जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। जिसके साथ मौजूदा सरकार औपचारिक रूप से भंग हो जाएगी। नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अब तेजी से आगे बढ़ेगी। 20 नवंबर यानी कल गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह होना तय है।
NDA की लगातार बैठकें
आज दिनभर पटना में तीन बड़ी बैठकें होंगी। पहले जदयू विधायक दल की बैठक होगी फिर भाजपा विधायक दल की बैठक और इसके बाद NDA के संयुक्त विधायक दल की बैठक होनी है। जानकारी अनुसार 10 बजे से BJP विधायक दल की बैठक होगी। भाजपा के 89 विधायक आज पार्टी कार्यालय, वीरचंद्र पटेल पथ में बैठक करेंगे। बैठक में सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल, विनोद तावड़े सहित सभी शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे।
विधायक दल के नेता के नाम पर बनेगी सहमति
इसमें विधायक दल के नेता के नाम पर सहमति दी जाएगी। वहीं दूसरी ओर 10 बजे के बाद JDU विधायक दल की बैठक होगी। जदयू के 85 विधायक आज सीएम हाउस में जुटेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, संजय झा और विजय चौधरी सहित जदयू के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। यहां भी विधायक दल के नेता के नाम पर औपचारिक मुहर लगेगी।
इसके बाद NDA विधायक दल की बैठक
दोनों दलों की बैठकें खत्म होने के बाद NDA के सभी 202 विधायक BJP, JDU, LJP(R), HAM और RLM एक साथ बैठक करेंगे। इसमें नीतीश कुमार, चिराग पासवान, संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा शामिल होंगे। NDA नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुनेगा। इसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल को इस्तीफा सौंपेंगे और दोबारा सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। यह प्रक्रिया शाम तक पूरी हो सकती है।
दिल्ली में अमित शाह के साथ हुई थी अहम बैठक
मालूम हो कि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी आज पटना पहुंच रहे हैं। आगमन के बाद वे सीधे मुख्यमंत्री आवास जाकर नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे। बीजेपी ने साध्वी निरंजन ज्योति, अर्जुन राम मेघवाल और केशव प्रसाद मौर्य को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इससे पहले दिल्ली में अमित शाह के आवास पर जदयू नेताओं ललन सिंह, संजय झा और BJP के शीर्ष नेताओं की बैठक हुई थी, जहां डिप्टी सीएम, स्पीकर और मंत्री पदों के बंटवारे पर चर्चा हुई।
17 नवंबर को कैबिनेट की अंतिम बैठक
बीते 17 नवंबर को वर्तमान सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक हुई थी। बैठक में तीन बड़े प्रस्ताव पास किए गए, जिनमें 19 नवंबर से विधानसभा को भंग करने की सिफारिश भी शामिल थी। सीएम नीतीश कुमार ने कैबिनेट की अनुशंसा राज्यपाल को सौंप दी थी।
20 नवंबर को शपथ ग्रहण
20 नवंबर को नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। गांधी मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, राजस्थान के भजन लाल शर्मा, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस सहित NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। इसके अलावा देशभर के पद्मभूषण–पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्व, वैज्ञानिक, साहित्यकार और कई विशिष्ट अतिथि भी समारोह में शामिल होंगे।