Bihar IAS-IPS News: बिहार के 32 IAS और 15 IPS अधिकारियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अब यहां संभालेंगे कमान

Bihar IAS-IPS News: बिहार के 47 अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। जिसमें 32 आईएएस और 15 आईपीएस हैं। सभी अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए पटना से रवाना हो गए हैं.

47 अधिकारियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी - फोटो : social media

Bihar IAS-IPS News: बिहार कैडर के 47 वरिष्ठ अधिकारियों का चयन भारत निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए किया है। इनमें 32 आईएएस और 15 आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। इस संबंध में आयोग ने राज्य सरकार को आधिकारिक पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

पांच राज्यों में निभाएंगे अहम जिम्मेदारी

चयनित अधिकारियों को पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में चुनाव ड्यूटी पर भेजा जाएगा। उन्हें सामान्य प्रेक्षक (General Observer) और पुलिस प्रेक्षक (Police Observer) के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आयोग ने बिहार के मुख्य सचिव और संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि चयनित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पदों से मुक्त किया जाए, ताकि वे समय पर अपनी चुनावी जिम्मेदारी संभाल सकें।

छुट्टी या देरी पर सख्त रुख

निर्वाचन आयोग ने साफ कर दिया है कि किसी भी अधिकारी के रिलीविंग में देरी या अवकाश से जुड़े अनुरोध को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी चयनित अधिकारियों को अनिवार्य रूप से चुनाव ड्यूटी ज्वाइन करनी होगी। चयनित अधिकारियों में कई अनुभवी आईएएस और आईपीएस अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों मतदान, सुरक्षा व्यवस्था और मतगणना की निगरानी की जिम्मेदारी दी जाएगी।

चुनाव प्रक्रिया होगी और पारदर्शी

इन अधिकारियों की तैनाती से चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में मदद मिलेगी। आयोग का मानना है कि अनुभवी अधिकारियों की निगरानी में चुनावी प्रक्रिया अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनेगी। इतनी बड़ी संख्या में बिहार कैडर के अधिकारियों का चयन राज्य के प्रशासनिक ढांचे की दक्षता और विश्वसनीयता को दर्शाता है। इसे बिहार के लिए गर्व की बात माना जा रहा है, जहां के अधिकारियों पर चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।