Bihar weather: बिहार में मौसम का कहर! 9 की मौत, आंधी में उखड़े टेंट और गिरे खंभे

Bihar weather: बिहार में तेज आंधी-बारिश से 9 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान कई जिलों में भारी नुकसान देखने को मिला। मौसम विभाग ने अगले दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है।

बिहार मौसम खबर- फोटो : social media

Bihar weather: बिहार में मौसम ने अचानक करवट लेकर भारी असर दिखाया है। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि आने वाले दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं, और बुधवार शाम से इसका असर साफ दिखने लगा। राजधानी पटना समेत राज्य के ज्यादातर जिलों में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। कई जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे हालात और खराब हो गए। इस तेज आंधी और बारिश ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया। कुछ जगहों पर शादी के लिए लगाए गए टेंट उड़ गए, तो कहीं बिजली के खंभे गिर पड़े। करीब 20 जिलों में मौसम का असर इतना ज्यादा था कि लोग परेशान हो गए। शाम करीब 6 बजे के आसपास शुरू हुआ यह तूफान एक से दो घंटे में ही काफी नुकसान कर गया। कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ गिर गए और रास्ते बंद हो गए।

इस खराब मौसम की वजह से 9 लोगों की मौत हो गई। खबरों के अनुसार ये सभी अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे। पटना और बेतिया में मिलाकर 4 लोगों की जान गई। जहानाबाद में एक घर का छज्जा गिरने से 4 लोग घायल हो गए। बक्सर में एक पेड़ ई-रिक्शा पर गिर गया, जिससे उसमें बैठे 6 लोग घायल हो गए। भोजपुर जिले में महुली का पीपा पुल तेज आंधी के कारण टूटकर तीन हिस्सों में बंट गया। वहीं सुपौल में बिजली गिरने से नारियल के पेड़ में आग लग गई।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने आगे के लिए भी अलर्ट जारी किया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, लेकिन उसके बाद अगले 48 घंटों में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। आने वाले दिनों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। 1 मई को राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश हो सकती है। 2 मई को कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। 3 मई को अररिया, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल जैसे इलाकों में भी ऐसा ही मौसम रह सकता है। 4 मई को पूरे बिहार में गरज, बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।