Bihar Transfer: बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 3 BAS अधिकारियों का तबादला; जानें किसे मिली कहां जिम्मेदारी

Bihar Transfer: बिहार में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों का तबादला कर नई जिम्मेदारी दी है। जानें किस अधिकारी को कहां भेजा गया।

Bihar Transfer: बिहार में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार प्रशासनिक सेवा के तीन अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी दी है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है।


जारी आदेश के अनुसार शंभु शरण पाण्डेय, अंशु कुमारी और स्नेहा कुमारी को उनके मौजूदा पद से हटाकर नई जगह पर पदस्थापित किया गया है। सभी अधिकारियों को बिना ट्रांजिट पीरियड लिए अपने नए पद पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।


शंभु शरण पाण्डेय को नवादा में नई जिम्मेदारी


बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शंभु शरण पाण्डेय, जिनका कोटि क्रमांक 301/26 और गृह जिला लखीसराय है, को नवादा का उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद बनाया गया है। यह पद संयुक्त सचिव स्तर में उत्क्रमित किया गया है। इससे पहले वह अपर समाहर्त्ता (लोक शिकायत निवारण)-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नवादा के पद पर तैनात थे।


अंशु कुमारी बनीं आरा सदर की एसडीओ


अंशु कुमारी को आरा सदर का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। उनका कोटि क्रमांक 720/26 है और उनका गृह जिला जमुई है। इससे पहले वह सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना में विशेष कार्य पदाधिकारी के पद पर तैनात थीं। वह बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, पटना में प्रतिनियुक्ति पर थीं।


स्नेहा कुमारी को मुजफ्फरपुर पश्चिमी की जिम्मेदारी


स्नेहा कुमारी को मुजफ्फरपुर पश्चिमी का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। उनका कोटि क्रमांक 853/26 है और गृह जिला वैशाली है। स्नेहा कुमारी इससे पहले भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, मुजफ्फरपुर पश्चिमी के पद पर काम कर रही थीं।


नए पद पर तुरंत देना होगा योगदान


सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश में कहा गया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारी बिना पारगमन काल का लाभ लिए अपने नए पद पर योगदान देंगे और प्रभार संभालेंगे। इसकी जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना को भी देनी होगी। आदेश में यह भी कहा गया है कि जिन अधिकारियों का किसी दूसरी जगह तबादला नहीं हुआ है, वे सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना में योगदान देंगे।


एसडीओ को मिली कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां


अनुमंडल पदाधिकारी के पद पर तैनात किए गए अधिकारियों को संबंधित अनुमंडल क्षेत्र के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 14 के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्ति दी गई है। इसके साथ ही धारा 163 के तहत दी गई शक्तियों का इस्तेमाल करने का अधिकार भी उन्हें मिलेगा। यह आदेश बिहार के राज्यपाल के आदेश से जारी किया गया है।

न्यूज नेशन डेस्क