7 IAS और 45 BAS अधिकारियों का तबादला,बिहार में अफसरशाही का बड़ा फेरबदल, 12 जिलों के DTO बदले, कई SDO-ADM को मिली नई जिम्मेदारी, पढ़िए लिस्ट

Bihar Administrative Transfer: बिहार सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी को और ज्यादा चुस्त-दुरुस्त बनाने की कवायद के तहत रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। ..

बिहार में प्रशासनिक ऑपरेशन ट्रांसफर- फोटो : social Media

Bihar Administrative Transfer: बिहार सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी को और ज्यादा चुस्त-दुरुस्त बनाने की कवायद के तहत रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक 7 आईएएस (IAS) और बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के 45 अधिकारियों का तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस तबादले को शासन-प्रशासन में नई रफ्तार देने और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। कई अहम विभागों के अपर सचिव, एसडीओ, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता और जिला परिवहन पदाधिकारियों की तैनाती में व्यापक बदलाव किया गया है।


तबादला सूची के मुताबिक राज्य निर्वाचन आयोग में विशेष कार्य पदाधिकारी रहे संजय कुमार को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। वहीं गया के बंदोबस्त पदाधिकारी मुकेश कुमार को भविष्य निधि निदेशालय भेजा गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर सचिव अभिलेष कुमार को कृषि विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नगर विकास एवं आवास विभाग में भी अहम बदलाव किया गया। विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार रजक का पहले युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में तबादला किया गया, लेकिन बाद में उनका स्थानांतरण आदेश निरस्त कर उन्हें नगर विकास विभाग में ही यथावत बनाए रखने का फैसला लिया गया। इसे सरकार के त्वरित प्रशासनिक फैसलों में बदलाव का अहम उदाहरण माना जा रहा है।

सबसे बड़ा असर जिला परिवहन कार्यालयों पर देखने को मिला, जहां 12 जिलों के जिला परिवहन पदाधिकारियों (DTO) का तबादला किया गया। कोमल किरण को किशनगंज, अमित राज को पश्चिम चंपारण, डेजी रानी को कटिहार, वीरेंद्र कुमार को जहानाबाद, निशांत कुमार को सीतामढ़ी, प्रवीण कुमार को समस्तीपुर, प्रशांत रमानिया को बक्सर और आलोक चंद्र चौधरी को वैशाली का जिला परिवहन पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा प्रियंका सिन्हा को मुजफ्फरपुर, रंजीत कुमार को नवादा, निकिता को अरवल तथा ललित राही को औरंगाबाद में डीटीओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई अनुमंडलों में भी नए एसडीओ की तैनाती की गई है। टोनी कुमारी को झंझारपुर, नीरज सिन्हा को तेघड़ा, अरुण कुमार को मोतिहारी सदर, प्रशांत अभिषेक को बगहा, डॉ. प्रेरणा सिंह को गोपालगंज, अंकित कुमार को महनार, डॉ. अनंत कुमार को शिवहर, धनराज कुमार को मसौढ़ी, राकेश कुमार को समस्तीपुर, दिलीप कुमार को विक्रमगंज और आलोक कुमार को बेलसंड का एसडीओ बनाया गया है।

भूमि सुधार प्रशासन में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। रुपेश कुमार को तेघड़ा, इति चतुर्वेदी को मोतिहारी सदर, रविशंकर उरांव को मुंगेर सदर, मुक्तेश्वर कुमार को बारसोई, रवि प्रकाश गौतम को टेकारी तथा विश्वजीत कुमार को शेरघाटी का भूमि सुधार उप समाहर्ता नियुक्त किया गया है। वहीं किरण सिंह को वैशाली का अपर समाहर्ता और मनोज कुमार को नवादा का अपर समाहर्ता बनाया गया है। इसके अलावा मो. मुश्तकीम को एसएफसी, पटना का महाप्रबंधक तथा संजय कुमार को उद्योग विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आने वाले दिनों में शासन व्यवस्था को और मजबूत करने, विभागीय कामकाज में तेजी लाने और जिलों में प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारी ज़मीनी स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को कितना प्रभावी और अवाम के लिए राहतभरा बना पाते हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट