Bihar News : बिहार एआई समिट 2026 का हुआ समापन, वक्ताओं ने कहा- कृषि और सरकारी योजनाओं में क्रांति लाएगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
Bihar News : बिहार एआई समिट 2026 का समापन हो गया. इस मौके पर वक्ताओं ने कहा की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कृषि और सरकारी योजनाओं में क्रांति लाएगा.......पढ़िए आगे
PATNA : कृषि कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। मौसम के पूर्वानुमान से लेकर फसलों की बीमारी और उसकी पहचान के साथ-साथ उपज बढ़ाने तक में एआई क्रांति ला सकता है। भारत जैसे देश में सुरक्षा, स्थानीय परिस्थिति, भाषा एवं किसानों की जरूरतों को देखते हुए स्वदेशी एआई मॉडल विकसित करने की आवश्यकता है।
ये बातें रविवार को पटना के शास्त्रीनगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय बिहार एआई समिट 2026 के समापन अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञों ने कही। उन्होंने कहा कि बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य में युवा एआई के माध्यम से उन्नतशील खेती कर अपना कैरियर संवार सकते हैं। उन्होंने बताया कि जलवायु के अनुसार फसल, सिंचाई, उर्वरक का इस्तेमाल के साथ-साथ सही समय पर सही बाजार की उपलब्धता संबंधित एआई से प्राप्त डेटा आधारित महत्वपूर्ण सूचना किसानों को काफी लाभ पहुंचा सकता है।
समिट में एआई से प्राप्त होने वाली कानूनी सहायता, प्रेसीजन फार्मिंग, उद्योग बिहार के तहत एमएसएमइ एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम, सुरक्षित बिहार में साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर आदि विषयों पर गहन चर्चा की गई। अलग-अलग तकनीकी क्षेत्रों से कार्यक्रम में शामिल विशेषज्ञों ने एआई गवर्नेंस पर बारिकी से अपने-अपने विचार रखे।उन्होंने कहा कि एआई के प्रयोग के दौरान मानव दृष्टिकोण रखना जरूरी है। यानी इससे प्राप्त डेटा की दोबारा जांच करनी जरूरी है। उन्होंने सरकारी योजनाओं को बनाने, न्यायालयों में वर्षों से लंबित मामलों के निस्तारण के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की दिशा में एआई के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर क्यूएलएएसएस (कलास) एडटेक (एजुकेशनल टेक्नोलॉजी) के संस्थापक और कार्यक्रम संयोजक निखिल कुमार ने कहा कि बिहार के युवाओं के पास प्रतिभा और एक बड़ी महत्वाकांक्षा है। हमारा लक्ष्य बिहारको एआई के वैश्विक मानचित्र पर शीर्ष पर स्थापित करना है। एआई के इस्तेमाल में युवाओं की दक्षता बढ़ाने की दिशा में समिट ने मील के पत्थर का काम किया। यह एक शुरुआत है। आने वाले दिनों में तकनीकी क्षेत्र में यहां के युवा पूरी दुनिया को मार्गदर्शन देने का काम करेंगे।