Bihar Air Pollution: बिहार की हवा हुई जहरीली, पटना सिटी में AQI 297 के पार, जानें अपने शहर का हाल

Bihar Air Pollution: मौसम में बदलाव के साथ ही बिहार के शहरों की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने लगा है।...

बिहार की हवा हुई जहरीली- फोटो : X

Bihar Air Pollution: मौसम में बदलाव के साथ ही बिहार के शहरों की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने लगा है। सुबह के वक्त धुंध, तापमान में उतार-चढ़ाव और ठंड की आहट के बीच वातावरण में प्रदूषक कणों का जमाव बढ़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई शहरों की हवा सांस लेने के लिहाज से चिंताजनक होती जा रही है। बुधवार को पटना सिटी प्रदेश का सबसे प्रदूषित इलाका रहा। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 297 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी के बेहद करीब है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, हाजीपुर में एक्यूआई 235 और सिवान में 240 रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना का औसत एक्यूआई 209 रहा। पटना के अलग-अलग इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर अलग-अलग देखने को मिला। दानापुर में एक्यूआई 233, राजवंशी नगर में 250 और मुरादपुर में 151 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से जाहिर है कि राजधानी के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है।

हालांकि, पटना में कुछ इलाकों की हवा अपेक्षाकृत बेहतर रही। तारामंडल के आसपास एक्यूआई 119 दर्ज किया गया। वहीं, किशनगंज 41 एक्यूआई के साथ प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर रहा। मुंगेर में 67, समस्तीपुर में 62 और सासाराम में 51 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। इन शहरों की हवा संतोषजनक श्रेणी में रही।

दूसरी ओर, आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बक्सर, छपरा, दरभंगा, गया, गोपालगंज, कटिहार, मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और सहरसा में वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। यानी प्रदेश के अलग-अलग शहरों में प्रदूषण का असर अलग-अलग स्तर पर दिखाई दे रहा है।

प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अनुसार, सर्दियों के मौसम में कोहरा और तापमान में बदलाव वायु गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं। ठंडी हवा और वातावरण की स्थिरता के कारण धूल, धुआं तथा अन्य प्रदूषक कण आसानी से बिखर नहीं पाते। इसके चलते ये कण लंबे समय तक हवा में मौजूद रहते हैं और एक्यूआई का स्तर बढ़ने लगता है।

आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ प्रदूषण की समस्या और गंभीर हो सकती है। ऐसे में लोगों को सुबह और शाम के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को प्रदूषित इलाकों में अधिक देर तक रहने से बचना चाहिए।