Bihar Assembly Election 2025: राहुल गांधी पर जननायक पोस्ट से मचा सियासी घमासान, बीजेपी बोली- 'पाकिस्तानियों के है..'
Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस ने राहुल गांधी को 'जननायक' बताते हुए वीडियो जारी किया। बीजेपी के प्रवक्ता अजय आलोक ने पलटवार करते हुए कहा—राहुल गांधी भारत विरोधियों के जननायक हैं।
Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 नजदीक आते ही राजनीतिक बयानबाजी तेज़ हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को ‘जननायक’ बताते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में राहुल गांधी लाल रंग की किताब लिए दिखाई दे रहे हैं और इसमें उनकी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दृश्य शामिल हैं।यह वही यात्रा है, जो हाल ही में बिहार में एसआईआर (विशेष जांच रिपोर्ट) के विरोध में निकाली गई थी।
इस दौरान राहुल गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद थे।कांग्रेस ने इस वीडियो के साथ सिर्फ एक शब्द लिखा कि जननायक, लेकिन यह एक शब्द ही चुनावी माहौल में तूफान का कारण बन गया।
बीजेपी का पलटवार- कर्पूरी ठाकुर की उपाधि चोरी की गई
कांग्रेस के इस पोस्ट पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने कहा कि राहुल गांधी जननायक नहीं, बल्कि जनधोखेबाज हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कुछ दिन पहले ही बिहार आए थे और अब उन्होंने बिहार के महान नेता कर्पूरी ठाकुर की उपाधि चोरी कर ली। इतने विरोध के बाद भी वह इसे दोहरा रहे हैं। ये कांग्रेस की बेशर्मी है।”
अजय आलोक ने आगे कहा कि राहुल गांधी भारत विरोधियों और पाकिस्तानियों के जननायक हैं। पाकिस्तान में उनके नाम के जयकारे लगते हैं, वहीं जाकर वे नायक बन जाएंगे।उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि आने वाले दो-चार सालों में कांग्रेस इतनी छोटी रह जाएगी कि राहुल गांधी को पार्टी छोड़नी पड़ेगी। पटना वाले और दिल्ली वाले परिवारवादी पुत्र नालायक हैं अजय आलोक यहीं नहीं रुके। उन्होंने राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि न राहुल गांधी जननायक हैं, न तेजस्वी यादव नायक हैं। दिल्ली और पटना वाले दोनों परिवारवादी पुत्र सिर्फ नालायक हैं। उन्होंने आगे व्यंग्य करते हुए कहा कि आज ‘जननायक’ कह रहे हैं, कुछ दिन बाद खुद को लोकनायक भी कहेंगे। इन नेताओं को शर्म तक नहीं आती।”
जननायक pic.twitter.com/0kIdf1zzWA
— Congress (@INCIndia) October 27, 2025
बिहार की राजनीति में जननायक का प्रतीकात्मक महत्व
बिहार की राजनीति में ‘जननायक’ शब्द का विशेष महत्व है। यह उपाधि पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर से जुड़ी है, जो समाजवाद और पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण के प्रतीक माने जाते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि राहुल गांधी को जननायक बताकर कांग्रेस ने बिहार में सोशल जस्टिस (सामाजिक न्याय) और गरीब वर्ग की राजनीति को साधने की कोशिश की है, लेकिन बीजेपी इसे राजनीतिक हेरफेर और प्रतीकात्मक चोरी के रूप में देख रही है।
कांग्रेस की सफाई
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार जननायक शब्द का प्रयोग राहुल गांधी के नेतृत्व में जनता के अधिकारों की लड़ाई को दर्शाने के लिए किया गया है।कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी ही वह नेता हैं जो बेरोज़गारी, महंगाई और लोकतंत्र पर हमले के खिलाफ जनता की आवाज़ बन रहे हैं।जनता उन्हें अपने अधिकारों के लिए जननायक मानती है।”