Bihar Assembly Elections 2025: बिहार चुनाव 2025: चुनाव से पहले बढ़ी भोजपुरी स्टार्स की सियासी एंट्री, राजनीति में उतरे भोजपुरी स्टार्स, कौन बनेगा जनता का चहेता नेता?

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कई भोजपुरी कलाकार राजनीति में कदम रख रहे हैं। रितेश पांडे जन सुराज से जुड़े, पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के भी चुनाव लड़ने की चर्चा है। जानें कौन सफल हुआ और कौन प्रयासरत है।

भोजपुरी स्टार्स की राजनीतिक यात्रा- फोटो : social media

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल गरमाता जा रहा है। चुनाव आयोग ने भले ही अभी तारीखों की घोषणा नहीं की है, लेकिन सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीतियाँ बना चुके हैं। इस बार का चुनाव खास है क्योंकि कई भोजपुरी सितारे राजनीति में उतरने की तैयारी में हैं। बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकार पहले ही राजनीति में सक्रिय हैं, वहीं कुछ नए चेहरे भी इस बार सियासी मैदान में उतर सकते हैं।

भोजपुरी स्टार्स और उनकी राजनीतिक यात्रा

रवि किशन: भोजपुरी इंडस्ट्री का बड़ा नाम और अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) का चेहरा।2024 में दूसरी बार गोरखपुर से सांसद बने। इससे पहले 2009 में जौनपुर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे।

मनोज तिवारी: मनोज तिवारी भाजपा के वरिष्ठ नेता और गायक-अभिनेता है। 2014, 2019 और 2024 में लगातार सांसद चुने गए। 2024 के चुनाव में कन्हैया कुमार को हराकर जीत की हैट्रिक लगाई।दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’: बीजेपी से राजनीति में उतरे और आजमगढ़ से सांसद बने।भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ ने भाजपा के लिए बड़ा चेहरा बनकर पहचान बनाई।

पवन सिंह: 2024 लोकसभा चुनाव में काराकाट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़े लेकिन हार गए।पहले उन्हें आसनसोल से बीजेपी ने टिकट दिया था लेकिन विवाद के कारण वापस कर दिया।अब संभावना है कि वे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में निर्दलीय या छोटे दल के साथ गठजोड़ कर उतर सकते हैं।उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने भी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

रितेश पांडे: लोकप्रिय गायक-एक्टर रितेश पांडे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़ चुके हैं।उनके चुनाव लड़ने की चर्चा तेज है।उन्होंने कहा है कि उनकी प्राथमिकता बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सुधारना होगी।

खेसारी लाल यादव: अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है।हाल ही में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद अटकलें तेज हुई हैं कि वे सपा का समर्थन करेंगे या चुनावी मैदान में उतरेंगे।

विनय बिहारी: गायक से राजनेता बने विनय बिहारी पहले से ही राजनीति में सक्रिय हैं।2020 के चुनाव में बीजेपी से लौरिया विधानसभा सीट से विजयी रहे।वे 2010 में निर्दलीय से राजनीति में आए और लगातार तीन बार विधायक रह चुके हैं।इस बार भी उनके चौथी बार चुनाव लड़ने की संभावना है।

क्या भोजपुरी स्टार्स का जादू चलेगा?

भोजपुरी कलाकारों का बिहार की जनता पर गहरा प्रभाव है।उनकी फिल्मों और गानों से बनी लोकप्रियता चुनावी वोट बैंक में तब्दील हो सकती है,लेकिन राजनीति सिर्फ स्टारडम पर नहीं टिकती, इसके लिए जमीनी पकड़ और संगठन की मजबूती भी जरूरी है।2025 का बिहार चुनाव बताएगा कि इनमें से कौन जनता का दिल जीतकर विधानसभा तक पहुंचता है।