Bihar Assembly Election 2025: बिहार चुनाव 2025 के दूसरे चरण का प्रचार समाप्त! BJP नेताओं ने किया सबसे ज्यादा हवाई सफर, आंकड़ें देखकर चौक जाएंगे आप

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार समाप्त हो गया है। 11 नवंबर को मतदान होगा। भाजपा के स्टार प्रचारकों ने कुल 565 सभाएँ कीं, जिनमें पीएम मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ की रैलियाँ सबसे अधिक प्रभावशाली रहीं।

चुनाव प्रचार में BJP का दबदबा!- फोटो : social media

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अपने सबसे अहम पड़ाव पर पहुंच गया है। दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होनी है, जबकि रविवार (9 नवंबर 2025) की शाम प्रचार का शोर थम गया। अब मैदान में वही दल टिके हैं जिन्होंने पिछले कुछ दिनों में जनता तक अपने संदेश को पहुंचाने में पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा, जदयू, आरजेडी और कांग्रेस — सभी पार्टियों ने इस चरण को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है।

एनडीए की आक्रामक रणनीति और भाजपा का जोरदार प्रचार

इस चरण में एनडीए ने प्रचार अभियान को बेहद संगठित और बड़े पैमाने पर चलाया। भाजपा की ओर से राज्य के सभी 94 विधानसभा क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जनसभाएं की गईं। पार्टी के प्रमुख नेताओं ने गांवों से लेकर शहरों तक लगातार जनसंपर्क बनाए रखा। आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा ने कुल 565 रैलियाँ और रोड शो आयोजित किए, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर क्षेत्रीय नेताओं तक ने भाग लिया।

नरेंद्र मोदी की जनसभाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस चरण के सबसे चर्चित चेहरों में रहे। उन्होंने बिहार के कई जिलों — पटना, गया, भागलपुर, मधुबनी, सासाराम और दरभंगा में जनसभाएं कीं। अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि महागठबंधन का मतलब है महा-भ्रष्टाचार, महा-बेईमानी और महा-परिवारवाद। उनका जोर केंद्र सरकार की योजनाओं, राज्य में हुए विकास कार्यों और सुशासन पर रहा।

रिकॉर्ड रैलियां और जनता से सीधा संवाद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस चुनावी चरण में सबसे ज़्यादा रैलियाँ कीं। उन्होंने 36 सभाएँ और कई रोड शो आयोजित किए, जिनमें उन्होंने 168 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया।उनके भाषणों में राष्ट्रवाद, सुरक्षा और भ्रष्टाचार विरोध जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। शाह ने कहा कि बिहार अब जंगलराज से निकलकर विकास की पटरी पर आ चुका है।

योगी आदित्यनाथ की रैलियां

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के अलग-अलग जिलों में 31 जनसभाएं कीं। उनकी रैलियों में युवाओं की भारी मौजूदगी देखने को मिली। योगी ने कहा कि बिहार को जातिवाद नहीं, विकासवाद की ज़रूरत है।उनका संदेश था कि भाजपा ही वह शक्ति है जो देश को एक सशक्त भविष्य दे सकती है।

एनडीए के अन्य स्टार प्रचारक हर मोर्चे पर सक्रियता

एनडीए की प्रचार टीम में कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, और अन्य नेता लगातार जनता से जुड़ते रहे।इसके अलावा भोजपुरी स्टार पवन सिंह और सांसद मनोज तिवारी ने अपने सांस्कृतिक जुड़ाव से चुनावी माहौल को जीवंत बनाया।

भाजपा और एनडीए के नेताओं की लिस्ट

नेता का नाम    सभाओं की संख्या    

राजनाथ सिंह           21    

जे.पी. नड्डा              15    

नितिन गडकरी          7    

देवेंद्र फडणवीस       12    

मोहन यादव              17    

रेखा गुप्ता                  18    

हिमंत बिस्वा सरमा     10    

पवन सिंह                   41    

मनोज तिवारी             37