बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से, पांच दिनों तक सत्ता-विपक्ष में होगी तकरार, सम्राट सरकार की बड़ी परीक्षा

बिहार विधानसभा का यह 18वीं विधानसभा का चौथा सत्र होगा, जबकि विधान परिषद का 214वां सत्र होगा। 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें प्रस्तावित हैं।

Bihar Assembly Winter Session 2026- फोटो : news4nation

Bihar Vidhansabha : बिहार की सम्राट सरकार के सामने 30 नवंबर से शुरू होने वाला विधानमंडल का शीतकालीन सत्र बड़ी विधायी और राजनीतिक परीक्षा साबित हो सकता है। पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र में जहां सरकार वित्तीय और विधायी कामकाज पूरा कराने की कोशिश करेगी, वहीं विपक्ष सदन के भीतर सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहेगा। खासकर अपराध, भ्रष्टाचार, शिक्षा विभाग की कथित गड़बड़ियों और शराबबंदी जैसे मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।


बिहार विधानसभा का यह 18वीं विधानसभा का चौथा सत्र होगा, जबकि विधान परिषद का 214वां सत्र होगा। 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें प्रस्तावित हैं। पहले दिन सोमवार को सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी। इस दिन नए सदस्यों का शपथ ग्रहण (यदि हो), राज्यपाल की ओर से जारी अध्यादेशों की प्रमाणित प्रतियां सदन के पटल पर रखने और वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी अनुपूरक व्यय विवरणी पेश करने का कार्यक्रम है। पहले दिन शोक प्रस्ताव भी होगा।


अनुपूरक बजट और विधेयकों पर रहेगी नजर

सत्र के दूसरे और तीसरे दिन यानी 1 और 2 दिसंबर को सरकारी विधेयकों और अन्य राजकीय कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। एक दिसंबर को गैर-सरकारी सदस्यों के संकल्प भी लिए जाएंगे। तीन दिसंबर को विधानसभा में दूसरी अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा और मतदान होगा। इसके साथ ही विनियोग विधेयक से जुड़ी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चार दिसंबर को गैर-सरकारी सदस्यों के संकल्प और विधान परिषद में अनुपूरक बजट पर चर्चा सहित निर्धारित कामकाज होगा।


विपक्ष की अपराध और भ्रष्टाचार पर तैयारी 

सदन के भीतर विपक्ष की रणनीति सरकार को जनहित के मुद्दों पर जवाब देने के लिए मजबूर करने की होगी। आरजेडी ने पहले ही अपराध, भ्रष्टाचार, शराबबंदी और शिक्षा विभाग में कथित घोटाले को लेकर सरकार को घेरने के संकेत दिए हैं। आरजेडी एमएलसी अजय सिंह ने शिक्षा विभाग में 400 करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए इस मुद्दे को सदन में उठाने की बात कही है। विपक्ष कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और आम लोगों की समस्याओं पर भी सरकार से जवाब मांग सकता है।


सत्ता पक्ष के सामने सदन चलाने और जवाब देने की चुनौती

सत्ता पक्ष की कोशिश होगी कि पांच दिनों का सत्र हंगामे की भेंट न चढ़े और अनुपूरक बजट तथा विधायी कामकाज समय पर पूरा हो। सरकार को विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देना होगा। खासकर नई सरकार के कामकाज, प्रशासनिक फैसलों और जनता से जुड़े सवालों पर मंत्रियों की जवाबदेही की परीक्षा होगी।


सत्र से पहले विधान परिषद में हुई सर्वदलीय बैठक में सभी दलों ने सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चलाने पर सहमति जताई है। सरकार ने जनहित के सवालों को सुनने और उनका जवाब देने का भरोसा भी दिया है। हालांकि, सदन के भीतर यह सहमति कितनी कायम रहती है, यह देखना दिलचस्प होगा। पांच दिनों के इस सत्र में बजट के साथ-साथ बिहार की राजनीति का तापमान भी परखा जाएगा।