NEET पेपर लीक के विरोध में बिहार बंद का उबाल, सड़कों पर उतरे छात्र, पटना से सीवान तक पुलिस का पहरा, कई नेता हिरासत में

Bihar Bandh: NEET पेपर लीक और आंदोलनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठन आइसा और इंकलाबी नौजवान सभा के आह्वान पर बुलाए गए बिहार बंद का असर शनिवार को राज्य के कई जिलों में देखने को मिला।

NEET पेपर लीक के विरोध में बिहार बंद का उबाल- फोटो : reporter

Bihar Bandh: NEET पेपर लीक और आंदोलनकारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठन आइसा (AISA) और इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के आह्वान पर बुलाए गए बिहार बंद का असर शनिवार को राज्य के कई जिलों में देखने को मिला। बंद को राजद समेत कई विपक्षी दलों का समर्थन मिलने के बाद प्रशासन ने पूरे बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

बंद समर्थक सुबह से ही सड़कों पर उतर गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कई जिलों में सड़क जाम कर यातायात प्रभावित करने की कोशिश की गई, हालांकि पुलिस प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

सीवान में सड़क जाम, सरकार विरोधी नारे

सीवान में बंद समर्थक छात्र जेपी चौक पर पहुंच गए और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने वाहनों का आवागमन रोक दिया और NEET पेपर लीक मामले को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

जहानाबाद में मिला-जुला असर

जहानाबाद में बिहार बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। शहर में बड़ी गाड़ियों की आवाजाही कम रही, जबकि अधिकांश बाजार खुले रहे। बंद समर्थक सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करते नजर आए। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है।

सहरसा, सासाराम और आरा में भी प्रदर्शन

सहरसा में आइसा और आरवाईए कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया। बंद समर्थकों ने कचहरी चौक के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और छात्र हितों को लेकर आवाज बुलंद की।

सासाराम में बंद का असर मिला-जुला रहा। समर्थक कलेक्ट्रेट गेट के समीप धरना स्थल पर जुटे, वहीं शहर में सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई।

आरा में भी कई चौक-चौराहों पर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। बंद के कारण सड़क परिवहन पर असर पड़ा।

छपरा में छात्रों का प्रदर्शन, स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ी

छपरा के नगरपालिका चौक पर छात्रों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और आवागमन बाधित कर दिया। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया। रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

पटना में पुलिस का एक्शन, छात्र नेताओं पर नजर

राजधानी पटना में बिहार बंद को लेकर पुलिस ने सुरक्षा का कड़ा घेरा तैयार किया है। गांधी मैदान इलाके में प्रदर्शन कर रहे कई छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन्हें संबंधित थानों में रखा गया है।पटना विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मनीष यादव के घर पर भी पुलिस ने छापेमारी की। इसके अलावा विश्वविद्यालय क्षेत्र के छात्रावासों और लॉजों में पुलिस ने जांच अभियान चलाया। मुसल्लहपुर हाट, भिखना पहाड़ी और पटना विश्वविद्यालय के आसपास के इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रही।

गयाजी में शांतिपूर्ण प्रदर्शन

गयाजी में  छात्र संगठनों द्वारा आहूत बिहार बंद का असर शनिवार को गया शहर और जिले के विभिन्न हिस्सों में देखने को मिला। बंद को लेकर सुबह से ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में रहा। प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था, कथित पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। कई स्थानों पर जुलूस निकाले गए और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया।

सीतामढ़ी में हॉस्टल और लॉज पर पुलिस की नजर

बिहार बंद को देखते हुए सीतामढ़ी जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। शहरी क्षेत्र के लॉज और हॉस्टलों पर पुलिस निगरानी रख रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना वजह भीड़ न लगाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति है, लेकिन सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, हिंसा फैलाने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।