Bihar Bandh: पटना में पुलिस और प्रदर्शनकारियों में भिड़ंत, जमकर हुआ पथराव; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पटना के रामगुलाम चौक के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को मौके से हटाया।

Bihar Bandh- फोटो : news4nation

Bihar Band :  NEET पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को बुलाए गए बिहार बंद के दौरान पटना में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। गांधी मैदान और रामगुलाम चौक के आसपास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर भिड़ंत हुई। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पत्थरबाजी किए जाने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। बिहार बंद के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी गांधी मैदान इलाके में जुटे थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। वहीं, पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया था।


रामगुलाम चौक पर बिगड़ा माहौल

पटना के रामगुलाम चौक के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को मौके से हटाया। घटना के बाद गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को अलग-अलग दिशाओं में खदेड़ा। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। 


किसके आह्वान पर बुलाया गया बिहार बंद?

शनिवार का बिहार बंद AISA और अन्य वामपंथी छात्र संगठनों के आह्वान पर बुलाया गया था। संगठनों ने NEET पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बंद का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जवाबदेही तय करना शामिल है। बंद के समर्थन में विपक्षी दलों और विभिन्न छात्र संगठनों ने भी समर्थन जताया था।


 तेज प्रताप यादव भी पहुंचे

पटना के गांधी मैदान इलाके में शनिवार सुबह से ही प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुटने लगी थी। बिहार बंद के समर्थन में तेज प्रताप यादव भी तिरंगा लेकर गांधी मैदान पहुंचे। इसके बाद इलाके में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गईं। रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारियों के मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने की भी सूचना सामने आई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।


बिहार बंद के दौरान राज्य के कई अन्य जिलों में भी प्रदर्शन हुए। गया, सहरसा, सासाराम, आरा और छपरा समेत कई जगहों पर छात्रों और बंद समर्थकों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कई स्थानों पर सड़क जाम और नारेबाजी की गई, जबकि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।