सीएम के इस्तीफा पर लगी मुहर! बिहार कैबिनेट की बैठक खत्म, नीतीश की अध्यक्षता में 20 मिनट चली मीटिंग
करीब 20 मिनट तक चली इस बैठक में सबसे अहम निर्णय वर्तमान नीतीश सरकार को भंग करने को लेकर लिया गया।
Nitish Kumar : नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को बिहार कैबिनेट की अहम बैठक मुख्य सचिवालय में आयोजित हुई। यह बैठक कई मायनों में ऐतिहासिक मानी गई, क्योंकि इसे मौजूदा सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक बताया जा रहा है। करीब 20 मिनट तक चली इस बैठक में सबसे अहम निर्णय वर्तमान नीतीश सरकार को भंग करने को लेकर लिया गया। कैबिनेट में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी, जिसके बाद अब सरकार के औपचारिक रूप से समाप्त होने का रास्ता साफ हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब जल्द ही राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही बिहार की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। राजनीतिक हलकों में इस फैसले को आगामी सत्ता के नए समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें राज्यपाल के अगले कदम और नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पर टिकी हैं।
सम्राट को मिल सकती है कमान
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया होगी। मिली जानकारी के अनुसार, इस बार सत्ता की कमान भाजपा के हाथों में जाएगी और पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा तय किया जाएगा। सूत्रों की ओर से दावा किया जा रहा है उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम पर केंद्रीय नेतृत्व से सहमति बन गई है। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोक भवन में आयोजित किया जाएगा, जहां राज्यपाल नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
पीएम मोदी भी होंगे शमिल
इसी क्रम में भाजपा ने 14 अप्रैल को विधायक दल की अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी पटना पहुंचने की सूचना है। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भी खास तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे यह आयोजन और भी महत्वपूर्ण हो गया है।