Bihar Politics: बिहार कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, राजेश राठौड़ की जगह अजय कुमार पासवान को सौंपी गई मीडिया विभाग की कमान

Bihar Politics: बिहार कांग्रेस में विधानसभा चुनाव के बाद संगठनात्मक बदलाव का सिलसिला लगातार जारी है।...

बिहार कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार कांग्रेस में विधानसभा चुनाव के बाद संगठनात्मक बदलाव का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में पार्टी ने मीडिया एवं प्रचार विभाग की कमान अब अजय कुमार पासवान को सौंप दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सहमति के बाद रविवार को अजय कुमार पासवान को विभाग का चेयरपर्सन नियुक्त करने का आदेश जारी किया गया। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

अजय कुमार पासवान अब तक मीडिया एवं प्रचार विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे राजेश राठौड़ की जगह यह अहम दायित्व निभाएंगे। पार्टी के इस फैसले को बिहार कांग्रेस में संगठन को नए सिरे से धार देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश कांग्रेस में फेरबदल का दौर जारी है और मीडिया विभाग में नेतृत्व परिवर्तन इसी कड़ी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

पार्टी के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपने राजनीतिक एजेंडे और संगठन की गतिविधियों को जनता के बीच मजबूती से पहुंचाने की है। अजय कुमार पासवान को पार्टी के कार्यक्रमों, आंदोलनों, नीतियों और राजनीतिक मुद्दों को मीडिया के जरिए प्रभावी तरीके से रखने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही सरकार और विपक्ष से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का पक्ष मजबूती से सामने रखना भी उनके दायित्व का अहम हिस्सा होगा।

दरअसल, चुनावी सियासत में मीडिया और प्रचार तंत्र की भूमिका लगातार बढ़ी है। ऐसे में कांग्रेस ने विभाग की कमान बदलकर संगठनात्मक रणनीति में नई जान फूंकने का संकेत दिया है। हाल में पार्टी ने मीडिया विभाग का नए सिरे से गठन करते हुए अलग-अलग पदों पर नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी थीं। अब चेयरपर्सन के पद पर बदलाव से विभाग को और सक्रिय करने की कोशिश साफ नजर आ रही है।

अजय कुमार पासवान के सामने अब कांग्रेस की आवाज को ज्यादा आक्रामक और असरदार तरीके से जनता तक पहुंचाने की चुनौती होगी। साथ ही पार्टी के भीतर समन्वय बनाकर विपक्षी दलों के हमलों का जवाब देना और कांग्रेस के मुद्दों को राजनीतिक विमर्श के केंद्र में लाना भी उनकी परीक्षा होगी। बिहार कांग्रेस के इस फेरबदल से आने वाले दिनों में पार्टी की मीडिया रणनीति में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह