Bihar Cricket : BCCI AGM में बिहार की धमक, रोहित सिंह ने शीर्ष पदाधिकारियों से की मुलाकात

Bihar Cricket: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव रोहित सिंह ने मुंबई में आयोजित BCCI की 95वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में बिहार का प्रतिनिधित्व किया।...

BCCI AGM में बिहार की धमक- फोटो : reporter

Bihar Cricket: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन  के संयुक्त सचिव रोहित सिंह ने मुंबई में आयोजित BCCI की 95वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में बिहार का प्रतिनिधित्व किया। AGM के दौरान उन्होंने BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास समेत सचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान बिहार क्रिकेट से जुड़े अहम मुद्दों और राज्य में तेजी से विकसित हो रहे क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा हुई।

BCCI के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई इस मुलाकात को बिहार क्रिकेट के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र के मद्देनजर बिहार में क्रिकेट गतिविधियों, खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं, नए मैदानों और इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से जुड़े विषय बातचीत के केंद्र में रहे।

बिहार में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम चल रहा है। राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में BCCI स्तर के मैचों के आयोजन की तैयारियां जारी हैं। वहीं भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में क्रिकेट ग्राउंड तैयार किया गया है। पटना के ऐतिहासिक मोइन-उल-हक स्टेडियम में भी निर्माण एवं विकास कार्य प्रगति पर है।

BCA की ओर से पुरुष और महिला क्रिकेट के विभिन्न आयु वर्गों तथा अलग-अलग फॉर्मेट में घरेलू प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी फोकस किया जा रहा है। इसके साथ ही खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और सपोर्ट स्टाफ की क्षमता बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

आगामी घरेलू सत्र से पहले BCCI और BCA के बीच बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य में नए क्रिकेट मैदानों और सुविधाओं के विस्तार के बीच राष्ट्रीय क्रिकेट बोर्ड के शीर्ष नेतृत्व के साथ संवाद से बिहार क्रिकेट से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर रखने का अवसर मिला है।

BCCI AGM में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए रोहित सिंह की वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात ऐसे वक्त हुई है, जब राज्य में क्रिकेट को लेकर गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। आने वाले घरेलू सत्र और तैयार हो रहे क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर के बीच यह संवाद बिहार क्रिकेट के लिए आगे की योजनाओं और समन्वय की दिशा में अहम भूमिका निभा सकता है।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह