चिराग-मांझी विवाद पर डिप्टी सीएम ने तोड़ी चुप्पी, प्रशांत किशोर को दिया करारा जवाब, टोल टैक्स पर बड़ा ऐलान

विजय चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा, "आने दीजिए, सबको स्वतंत्रता है चुनाव लड़ने की। शत्रुघ्न सिन्हा द्वारा प्रशांत किशोर के समर्थन पर उन्होंने कहा कि इसमें कोई बड़ीबात नहीं है

Bihar Deputy CM Vijay Choudhary - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने मंगलवार को राज्य की राजनीति से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बीच चल रही बयानबाजी, प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने, शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन, नए टैक्स के प्रस्ताव और विक्रम थाना क्षेत्र के विवाद सहित कई विषयों पर उन्होंने सरकार का पक्ष रखा।


लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बीच चल रही बयानबाजी पर विजय चौधरी ने कहा कि दोनों अलग-अलग राजनीतिक दलों से आते हैं और अपनी-अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा, "राजनीति में इस तरह की बातें होती रहती हैं। आखिरकार सरकार का फैसला ही अंतिम होता है।" उनके इस बयान को दोनों नेताओं के बीच चल रहे विवाद को हल्का बताते हुए एनडीए की एकजुटता का संदेश माना जा रहा है।


मंत्री अशोक चौधरी के भरत परिवार से मुलाकात को लेकर उठे विवाद पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी मंत्री का किसी परिवार से मिलना कोई असामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और न्यायिक जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


नए टैक्स के प्रस्ताव पर क्या बोले?

राज्य सरकार की ओर से नए टैक्स लगाए जाने के प्रस्ताव पर विजय चौधरी ने कहा कि अभी केवल प्रस्ताव आया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की राय भी देखेगी और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।


विक्रम मामले में डीएम को जांच का निर्देश

पटना के विक्रम थाना क्षेत्र में 40 से अधिक लोगों का रास्ता और पेयजल का नल बंद किए जाने के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


प्रशांत किशोर और शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन पर प्रतिक्रिया

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर विजय चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा, "आने दीजिए, सबको स्वतंत्रता है चुनाव लड़ने की। वहीं, तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा द्वारा प्रशांत किशोर के समर्थन पर उन्होंने कहा कि इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा, "सब लोग एक-दूसरे का समर्थन करते हैं। सबको अपनी बात कहने की स्वतंत्रता है, लेकिन चुनाव में जीत एनडीए की ही होगी।"

अभिजीत की रिपोर्ट