Bihar weather:बिहार में छठ महापर्व पर मौसम रहेगा शुष्क, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का अलर्ट

बिहार में छठ महापर्व पर मौसम रहेगा शुष्क, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का अलर्ट

बिहार में छठ महापर्व पर मौसम रहेगा शुष्क,- फोटो : Reporter

Bihar weather:बिहार में छठ महापर्व के दौरान मौसम के शुष्क रहने और बारिश की कोई संभावना न होने की आधिकारिक पुष्टि की गई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार,आज यानी 16 नवंबर को किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है,

 जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान राहत मिलेगी। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की बात कही गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के वक्त हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है, लेकिन इसके बाद दिन में आसमान साफ रहेगा और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। तापमान के लिहाज से अगले 4 से 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इ

सी तरह, न्यूनतम तापमान भी अगले 2 से 3 दिनों तक लगभग स्थिर बना रहेगा, लेकिन उसके बाद राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती सिस्टम सक्रिय हो गया है। 

दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने अवदाब के उत्तर दिशा की ओर बढ़ने और फिर पश्चिम की ओर रुख करने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम 16 नवंबर को दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में पहुंचकर एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके पश्चात, 17 नवंबर को इसके और अधिक तीव्र होकर एक प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका जताई गई है।

 अगले दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने की संभावना है, जिसका असर देश के तटीय इलाकों पर पड़ सकता है, हालांकि बिहार के मौसम पर इसका फिलहाल कोई सीधा नकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद नहीं है और यहां छठ महापर्व का उल्लास शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के पूरे आसार हैं।