Bihar BPSC Exam: बिहार में BPSC पास कराने के नाम पर 40 लाख लेने का आरोप, महिला दारोगा पर केस, JDU नेता समेत 5 लोगों पर EOU का शिकंजा
Bihar BPSC Exam: बिहार में महिला दारोगा पर बेटे को BPSC पास कराने के लिए 40 लाख रुपये देने का आरोप। EOU ने जेडीयू नेता समेत 5 लोगों पर केस दर्ज किया।
Bihar BPSC Exam: बिहार में एक महिला दारोगा और जेडीयू नेता से जुड़ा मामला इन दिनों काफी चर्चा में है। आरोप है कि पटना पुलिस में तैनात महिला दारोगा ने अपने बेटे को बीपीएससी परीक्षा पास कराने के लिए 40 लाख रुपये दिए थे। जब बेटा परीक्षा पास नहीं कर पाया, तो मामला विवाद में बदल गया और अब इसकी जांच आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU कर रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक, पटना पुलिस की महिला दारोगा आशा सिंह ने अपने बेटे रितेश को बीपीएससी परीक्षा में पास कराने के लिए जेडीयू के प्रदेश महासचिव डॉ. धर्मेंद्र कुमार को 40 लाख रुपये दिए थे। बताया जा रहा है कि रितेश का नाम मेरिट लिस्ट में नहीं आया। इसके बाद दारोगा ने अपने पैसे वापस मांगे और यहीं से विवाद शुरू हो गया।
मामला तब और बड़ा हो गया जब पैसे लौटाने के लिए जेडीयू नेता ने महिला दारोगा को 25 लाख रुपये का चेक दिया। लेकिन वह चेक बाउंस हो गया। बाकी के 15 लाख रुपये भी वापस नहीं किए गए। इसके बाद महिला दारोगा ने जनवरी 2024 में जेडीयू नेता के खिलाफ मामला दर्ज कराया। जब मामला कोर्ट पहुंचा, तब कोर्ट ने सवाल उठाया कि दारोगा के पास 40 लाख रुपये कहां से आए। इसी सवाल के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। एसएसपी की सिफारिश और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आर्थिक अपराध इकाई ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
EOU की जांच में महिला दारोगा
EOU की जांच में महिला दारोगा, उनके बेटे रितेश, जेडीयू नेता डॉ. धर्मेंद्र कुमार, उनकी पत्नी और ससुर समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।जानकारी के अनुसार, आरोपी धर्मेंद्र कुमार पहले आरजेडी में थे और कुम्हरार विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। फिलहाल वह जेडीयू में प्रदेश महासचिव बताए जा रहे हैं। अब आर्थिक अपराध इकाई इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला दारोगा के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई और क्या इस मामले में किसी तरह की अवैध कमाई या भ्रष्टाचार का संबंध है। मामले के सामने आने के बाद बिहार की राजनीति और पुलिस विभाग दोनों में हलचल मची हुई है।