Bihar Police: बिहार पुलिस को मिले 10 नए IPS अफसर, 10 जिलों में ASP बन संभालेंगे कमान, देखें किसे कहां मिली तैनाती
Bihar Police: बिहार पुलिस महकमे को 10 नए युवा आईपीएस अधिकारियों की सौगात मिली है। ...
Bihar Police: बिहार पुलिस महकमे को 10 नए युवा आईपीएस अधिकारियों की सौगात मिली है। ये सभी 2025 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी हैं। हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में बुनियादी प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा करने के बाद अब ये अधिकारी बिहार में अपनी व्यावहारिक ट्रेनिंग शुरू करेंगे। इसके लिए सभी को 22 नवंबर को राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। नए अधिकारियों की तैनाती से राज्य के पुलिस महकमे को युवा और प्रशिक्षित अफसरों की सेवाएं मिलेंगी।
राज्य सरकार ने सभी 10 ट्रेनी आईपीएस अधिकारियों को सहायक पुलिस अधीक्षक यानी ASP के पद पर अलग-अलग जिलों में तैनात किया है। जिला आवंटन के साथ ही इनके प्रशिक्षण की रूपरेखा भी तय कर दी गई है। आशीष कुमार को मुंगेर, कोशिंदर को रोहतास और मोहम्मद ताबिश हसन को भागलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं नवनीत आनंद मुजफ्फरपुर, सहर्स कुमार मोतिहारी और शुभम गयाजी में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
इसी तरह सिदक सिंह को पटना, विजय राघव गोयल को समस्तीपुर, विनय कुमार को भोजपुर और विश्ववर्द्धन को दरभंगा जिला आवंटित किया गया है। सभी अधिकारी अपने-अपने जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिसिंग की बारीकियां सीखेंगे।
इन प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों को कुल 29 सप्ताह तक जिला स्तर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, पुलिस प्रशासन, अनुसंधान और थानों के कामकाज का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें विभिन्न चुनौतियों से निपटने और पुलिस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
हैदराबाद में प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा करने के बाद अब बिहार में उनकी असल परीक्षा शुरू होगी। सभी अधिकारियों को 22 नवंबर को राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में योगदान देना है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें अपने आवंटित जिलों में भेजा जाएगा।
नए आईपीएस अधिकारियों की इस तैनाती को बिहार पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है। जिला स्तर पर प्रशिक्षण के दौरान ये युवा अफसर जमीनी हकीकत समझेंगे और भविष्य में कानून-व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालने के लिए खुद को तैयार करेंगे।