Bihar Governor: बिहार में VIP कल्चर पर लगाम! राज्यपाल ने कम किया अपना काफिला,PM मोदी के अपील का दिखा असर

Bihar Governor: पश्चिम एशिया संकट और पीएम मोदी की अपील के बाद बिहार के राज्यपाल और मंत्री श्रवण कुमार ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या घटाने का फैसला लिया है।

बिहार राज्यपाल का बड़ा फैसला- फोटो : social media

Bihar Governor: पश्चिम एशिया में चल रहे संकट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों का कम इस्तेमाल करने की अपील का असर अब बिहार में भी दिखने लगा है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर) सैय्यद अता हसनैन ने अपने काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या कम करने का फैसला लिया है। अब राज्यपाल के कारकेड में पहले की तरह 12 वाहन नहीं होंगे, बल्कि केवल 3 वाहन ही शामिल रहेंगे।

इसके साथ ही राज्यपाल सचिवालय में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे सरकारी वाहनों का इस्तेमाल सिर्फ बहुत जरूरी काम होने पर ही करें। इस फैसले का मकसद ईंधन की बचत करना और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाना बताया जा रहा है।

बिहार सरकार के बड़े फैसले

बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने भी अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या घटाने का फैसला लिया है। अब वे भी सिर्फ 3 गाड़ियों के साथ ही यात्रा करेंगे। हालांकि उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, इसलिए सुरक्षा कारणों से एक अतिरिक्त वाहन उनके साथ रहेगा। सरकार और नेताओं की तरफ से उठाए जा रहे इन कदमों को पेट्रोल-डीजल की बचत और मौजूदा हालात में जिम्मेदारी निभाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।