Bihar Weather: बिहार में आंधी-बारिश का दौर खत्म, अब झुलसाने वाली उमस करेगी बेहाल,पटना में तीखी धूप करेगी परेशान, जानिए आपके जिले का मिजाज

Bihar Weather:सूबे की राजधानी पटना और इसके आस-पास के इलाकों में मौसम अमूमन शुष्क रहेगा।

बिहार में आंधी-बारिश का दौर खत्म- फोटो : X

Bihar Weather: बिहार के लोगों को पिछले कुछ दिनों से मिल रही सुहाने मौसम की राहत अब खत्म होने वाली है। सूबे में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले रहा है। राज्य में पिछले कई दिनों से जारी आंधी-तूफान और झमाझम बारिश का सिलसिला अब पूरी तरह थमने लगा है। नतीजतन, आसमान साफ होते ही तपिश बढ़ने लगी है और लोग अब दोबारा पसीने से तरबतर करने वाली चिपचिपाती उमस और बेहिसाब गर्मी की जद में आने लगे हैं।

सूबे की राजधानी पटना और इसके आस-पास के इलाकों में आज यानी सोमवार को मौसम अमूमन शुष्क रहेगा। सुबह के वक्त आसमान में बादलों की हल्की आवाजाही जरूर दिखेगी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही सूरज के तेवर तल्ख होते जाएंगे। दोपहर के वक्त तीखी धूप और उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी। हालांकि, राहत की बात यह है कि शाम होते-होते पुरवा हवा के झोंके थोड़ी ठंडक का अहसास कराएंगे, जिससे रात के वक्त मामूली तसल्ली मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पटना में बारिश के कोई आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग के अनुसारभले ही पूरे सूबे में मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ गया हो, लेकिन सीमांचल और कोसी के इलाकों में अब भी बादलों का डेरा है। विभाग ने आज किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सहरसा और मधेपुरा समेत 6 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और छिटपुट बारिश की पूरी संभावना है, जिससे यहां का पारा काबू में रहेगा। वहीं राजधानी पटना समेत बाकी 32 जिलों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के भीतर बिहार के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा  दर्ज किया जा सकता है। हवा में नमी बरकरार रहने के कारण यह गर्मी और ज्यादा तकलीफदेह साबित होगी।

आने वाले एक हफ्ते के दौरान, खासकर दक्षिण और मध्य बिहार के बाशिंदों को लू का सामना करना पड़ सकता है। दोपहर के वक्त घर से बाहर निकलना मुहाल होगा। उत्तर-पूर्वी बिहार को छोड़कर बाकी तमाम हिस्सों में बारिश की कोई गुंजाइश नहीं है, जिससे आम जनजीवन और खेती-किसानी पर भी गहरा असर पड़ने की आशंका है।