बिहार में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की तैयारी, इन जगहों पर स्थापित होंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन
केंद्र सरकार द्वारा राज्य को शीघ्र ही लगभग 400 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाने वाली हैं। इन बसों के परिचालन से पूर्व राज्य में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की मुकम्मल तैयारी सुनिश्चित की जाएगी
Bihar News : राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के सुगम एवं सुरक्षित परिचालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को परिवहन सचिव की अध्यक्षता में मोटर वाहन कंपनियों, पेट्रोलियम कंपनियों तथा विभिन्न ओईएम के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजमार्गों सहित विभिन्न प्रमुख सड़कों के किनारे स्थित ढाबों, होटल, मोटल, पेट्रोल पंप एवं अन्य उपयुक्त स्थलों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान सभी संबंधित कंपनियों एवं ओईएम से चार्जिंग स्टेशन स्थापना, तकनीकी मानकों, आवश्यक सुविधाओं तथा बेहतर संचालन व्यवस्था को लेकर सुझाव आमंत्रित किए गए। परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि राज्य में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए मजबूत चार्जिंग नेटवर्क विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि आम लोगों को निर्बाध एवं सुविधाजनक चार्जिंग सुविधा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य को शीघ्र ही लगभग 400 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाने वाली हैं। इन बसों के परिचालन से पूर्व राज्य में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की मुकम्मल तैयारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल एवं अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
वाहन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि ईवी चार्जिंग स्टेशन से संबंधित जानकारी के लिए वर्तमान में विभिन्न कंपनियों द्वारा अपने-अपने उपभोक्ताओं हेतु अलग-अलग मोबाइल एप संचालित किए जा रहे हैं। इस पर परिवहन सचिव ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा, जिसमें सभी ईवी चार्जिंग स्टेशनों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी तथा उसकी लोकेशन गूगल मैप्स आदि पर भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को सुविधा मिल सके एवं ईवी वाहनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि वर्तमान में कंपनियों द्वारा राज्य में जहां-जहां ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं अथवा निकट भविष्य में लगाए जाने प्रस्तावित हैं, उनकी विस्तृत सूची गूगल लोकेशन के साथ परिवहन विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि राज्य स्तर पर चार्जिंग नेटवर्क का समुचित आकलन एवं समन्वित विस्तार सुनिश्चित किया जा सके।
परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न मोटर वाहन कंपनियों एवं तेल कंपनियों के समन्वय से राज्य में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इस संबंध में कंपनियों की सहमति प्राप्त होने के उपरांत परिवहन विभाग एवं संबंधित कंपनियों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे तथा उसके बाद परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। बैठक में राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, संयुक्त सचिव परिवहन विभाग इंदू कुमार, विभिन्न वाहन निर्माता कंपनियों, पेट्रोलियम कंपनियों तथा चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित थे।
धीरज पाराशर की रिपोर्ट