बिहार MLC चुनाव में किस सीट पर कितने उम्मीदवार, 8 सीटों का जानिए पूरा गणित... 150 प्रत्याशी की किस्मत दांव पर

आठ सीटों के लिए शुरुआत में कुल 164 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान 12 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए गए, जबकि नाम वापसी की अंतिम तारीख पर दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी वापस ले ली।

Bihar MLC Election 2026 - फोटो : news4nation

Bihar MLC Election : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो गई है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कुल 150 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर 60 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सबसे अधिक 40 प्रत्याशी दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में हैं, जबकि सबसे कम 11 उम्मीदवार तिरहुत शिक्षक सीट पर मुकाबले में हैं।  


किस सीट पर कितने उम्मीदवार?

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर उम्मीदवारों की संख्या में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के दरभंगा स्नातक: 40 उम्मीदवार, पटना स्नातक: 18 उम्मीदवार, तिरहुत स्नातक: 17 उम्मीदवार, कोसी स्नातक: 15 उम्मीदवार हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में टना शिक्षक: 18 उम्मीदवार, सारण शिक्षक: 18 उम्मीदवार, दरभंगा शिक्षक: 13 उम्मीदवार और तिरहुत शिक्षक क्षेत्र में 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन आंकड़ों के मुताबिक दरभंगा स्नातक सीट पर सबसे ज्यादा उम्मीदवार हैं। इसके विपरीत, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम प्रत्याशी मैदान में बचे हैं।  


164 नामांकन में से 14 प्रत्याशी बाहर

आठ सीटों के लिए शुरुआत में कुल 164 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान 12 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए गए, जबकि नाम वापसी की अंतिम तारीख पर दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी वापस ले ली। इसके बाद उम्मीदवारों की कुल संख्या घटकर 150 रह गई। नाम वापस लेने वालों में पटना शिक्षक सीट से अर्चिता प्रकाश और सारण शिक्षक सीट से जयराम राय शामिल हैं।  


NDA और महागठबंधन के सामने चुनौती

इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल यूनाइटेड चार-चार सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, विपक्षी महागठबंधन में भी कुछ सीटों पर राजद और कांग्रेस के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इससे गठबंधन के भीतर आपसी मुकाबले की स्थिति बनी हुई है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी सभी आठ सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबले पर विशेष नजर है। अनुज सिंह को मोकामा विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिलने की बात भी चुनावी चर्चा में है।  


कब होगा मतदान और कब आएगा परिणाम?

बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। ये चुनाव स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं के जरिए कराए जाते हैं। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं तक पहुंचना और समर्थन जुटाना अहम होगा। कुल मिलाकर, आठ सीटों पर 150 उम्मीदवारों के मैदान में रहने से चुनावी मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि मतदान के दिन मतदाता किस प्रत्याशी के पक्ष में अपना समर्थन जताते हैं।