बिहार MLC चुनाव : जन सुराज ने बदला तिरहुत शिक्षक सीट का उम्मीदवार, भूषण झा की जगह अब इनको टिकट

बिहार में 8 सीटों पर हो रहे एमएलसी चुनाव के बीच जनसुराज को एक सीट पर अपना उम्मीदवार बदलना पड़ा है. तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रशांत किशोर ने नया उम्मीदवार घोषित किया है

Bihar MLC Election 2026 - फोटो : news4nation

Bihar MLC Election 2026 : बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर जन सुराज पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अपने उम्मीदवार में बदलाव किया है। पार्टी ने भूषण झा की जगह अब श्याम नंदन यादव को प्रत्याशी बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शनिवार को उनके नाम की घोषणा की।


बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए जन सुराज ने सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने पहले पांच प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। इसके बाद दूसरी सूची में तीन और नामों का ऐलान किया गया था। इसी दूसरी सूची में तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा को उम्मीदवार बनाया गया था।


कांग्रेस के हमले के बाद बदला उम्मीदवार

भूषण झा के नाम की घोषणा के बाद कांग्रेस ने जन सुराज पर निशाना साधा था। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शिशिर कौंडिल्य ने आरोप लगाया था कि जन सुराज ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है, जिस पर गंभीर आपराधिक आरोप हैं। कांग्रेस ने भूषण झा को लेकर कई आरोप लगाए थे और पार्टी के उम्मीदवार चयन पर सवाल खड़े किए थे। इन राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोपों के बीच जन सुराज ने अब तिरहुत शिक्षक सीट पर अपना उम्मीदवार बदल दिया है। हालांकि, पार्टी ने प्रत्याशी बदलने के पीछे का विस्तृत कारण सार्वजनिक तौर पर नहीं बताया है।


भूषण झा निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

उम्मीदवारी बदले जाने के बाद भूषण झा ने स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने जन सुराज पर भी गंभीर आरोप लगाए। भूषण झा का कहना है कि जिस दिन उनके नाम की घोषणा की गई थी, उसी दिन पार्टी से जुड़े लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर अपमानजनक और अमर्यादित व्यवहार किया था। अब जन सुराज ने उनकी जगह श्याम नंदन यादव को मैदान में उतारा है। इस बदलाव के बाद तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चुनावी लड़ाई और दिलचस्प हो गई है।


अनंत सिंह के समर्थन वाले अनुज सिंह को भी टिकट

जन सुराज ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनुज सिंह को भी उम्मीदवार बनाया है। अनुज सिंह को बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थन से चुनाव मैदान में उतरने वाला प्रत्याशी बताया गया है। इस सीट पर भी मुकाबला राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


23 अक्टूबर को मतदान, 27 को परिणाम

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। आठ सीटों के इस चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।