पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार को मिला नीतीश कुमार का आशीर्वाद, मुलाकात के बाद बड़ा ऐलान

नीरज कुमार 5 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं नीतीश से मुलाकात के बाद नीरज कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नीतीश कुमार ने उन्हें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 के लिए NDA समर्थित जदयू उम्मीदवार होने का प्रपत्र प्रदान किया।

Neeraj Kumar Meets Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की गरमाई सियासत के बीच जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की है। जदयू ने मौजूदा विधान पार्षद और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें पटना स्नातक सीट से NDA समर्थित उम्मीदवार बनाया है। शनिवार को नीरज कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनसे पार्टी उम्मीदवार होने का प्रपत्र प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए नीतीश कुमार का आभार जताया।


नीरज कुमार 5 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं नीतीश से मुलाकात के बाद नीरज कुमार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नीतीश कुमार ने उन्हें पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 के लिए NDA समर्थित जदयू उम्मीदवार होने का प्रपत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान की बात है और इसके लिए वह नीतीश कुमार के प्रति हृदय से आभार और कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। नीरज ने यह भी लिखा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता की पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के स्नेह, आशीर्वाद, विश्वास और सहयोग को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताया।


नीरज के सामने पार्टी के ही अनंत सिंह का विरोध

पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की उम्मीदवारी के साथ जदयू के भीतर का विवाद भी चुनावी चर्चा का प्रमुख हिस्सा बना हुआ है। मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह सार्वजनिक रूप से नीरज कुमार की उम्मीदवारी का विरोध कर चुके हैं। उन्होंने जदयू प्रत्याशी के बजाय जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। 1 अक्टूबर को अनुज सिंह के नामांकन के दौरान भी अनंत सिंह उनके साथ नजर आए थे। अनंत सिंह के आवास से खुली जीप में दोनों का काफिला नामांकन के लिए निकला था। इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी की और अनंत सिंह ने अनुज सिंह को समर्थन दिया।


इस विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी अब जदयू ने केंद्रीय मंत्री और मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को दी है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के मुताबिक, ललन सिंह अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बातचीत के जरिए मतभेद दूर करने की कोशिश करेंगे।


8 सीटों पर 23 अक्टूबर को होगा MLC चुनाव

बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल आठ सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होना है। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है।


NDA में जदयू और भाजपा ने चार-चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। जदयू ने पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक से घनश्याम राय को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक से नरेंद्र प्रसाद सिंह को मैदान में उतारा है।


जन सुराज ने सभी आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। वहीं महागठबंधन में सीटों को लेकर अलग-अलग दलों ने अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। कांग्रेस ने पांच उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिनमें पटना स्नातक सीट से असदुल्लाह खान शामिल हैं, जबकि इस सीट पर RJD ने दिलीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है।


पटना स्नातक सीट पर मुकाबला हुआ बहुकोणीय

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में फिलहाल जदयू के नीरज कुमार, जन सुराज के डॉ. अनुज सिंह और महागठबंधन के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला बनता दिख रहा है। इस बीच अनंत सिंह का जन सुराज प्रत्याशी के समर्थन में खुलकर सामने आना इस सीट के चुनावी घटनाक्रम को और चर्चा में ले आया है। अब नीरज कुमार के नामांकन और जदयू नेतृत्व की ओर से अनंत सिंह के साथ मतभेद सुलझाने की कोशिश पर नजर है। चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ पटना स्नातक सीट पर उम्मीदवारों और दलों की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।