बिहार की 8 MLC सीटों के लिए मतदान की तारीखों का ऐलान, 23 अक्टूबर को वोटिंग
बिहार विधान परिषद की 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए 8 सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा
Bihar MLC Election : बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने मंगलवार को तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।
बिहार विधान परिषद की 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए 8 सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंशीधर ब्रजवासी और कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से डॉ. मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से अफाक अहमद का कार्यकाल भी 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी। आयोग ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
बिहार के अलावा कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की रिक्त होने वाली सीटों पर भी इसी कार्यक्रम के तहत द्विवार्षिक चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। चुनाव से जुड़ी विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।