बिहार एमएलसी चुनाव का आया परिणाम, भाजपा के खाते में पहली जीत! जदयू -जनसुराज में कड़ी टक्कर

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतगणना जारी है। तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी उम्मीदवार की जीत के बाद अन्य सीटों के नतीजों पर भी नजरें टिकी हैं। पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना भी चल रही है।

दरभंगा शिक्षक सीट - फोटो : news4nation

Bihar MLC Election :  बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए जारी मतगणना के बीच बीजेपी के खाते में पहली जीत दर्ज हुई है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के उम्मीदवार नरेंद्र सिंह ने दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद जीत हासिल की है। हालांकि, जीत की औपचारिक घोषणा अभी बाकी है। इस सीट पर मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां निर्दलीय उम्मीदवार भूषण झा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि मौजूदा सीपीआई एमएलसी प्रो. संजय सिंह तीसरे स्थान पर खिसक गए।


मतगणना के रुझानों के अनुसार, नरेंद्र सिंह को कुल 2,331 मत मिले। निर्दलीय भूषण झा 2,015 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि सीपीआई के प्रो. संजय सिंह को 1,952 मत प्राप्त हुए। शुरुआती रुझानों में संजय सिंह मुकाबले में बने हुए थे, लेकिन आगे की गिनती में उनकी स्थिति बदल गई।


दरभंगा शिक्षक सीट पर भी कांटे की टक्कर

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी मुकाबला रोचक बना हुआ है। उपलब्ध मतगणना के आंकड़ों के अनुसार, जन सुराज के प्रो. सुरेश राय 2,058 मतों के साथ आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा को 1,746 और वामपंथी उम्मीदवार रामदेव राय को 1,735 मत मिले हैं। जदयू के घनश्याम राय को अब तक 654 मत प्राप्त हुए हैं। प्रो. सुरेश राय कांग्रेस उम्मीदवार से 312 मतों से आगे बताए जा रहे हैं।


कोसी स्नातक सीट पर एनडीए उम्मीदवार आगे

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना पूर्णिया के जिला स्कूल में जारी है। प्रथम राउंड के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एनडीए के डॉ. एन.के. यादव को 2,487 मत मिले हैं। राजद के नितेश कुमार यादव को 1,619 और जन सुराज के रजनीश रंजन को 1,482 मत प्राप्त हुए हैं। करीब 1,000 मत रद्द होने की जानकारी भी सामने आई है। अब तक लगभग 7,000 मतों की गिनती का आंकड़ा बताया गया है।


सारण में बड़ा उलटफेर 
इसी तरह सारण शिक्षक निर्वाचन सीट पर जनसुराज के अफाक अहमद और जदयू के पुष्कर आनंद के बीच जोरदार मुकाबला देखा जा रहा है। पुष्कर को 2440, जनसुराज के अफाक को 1999 और राजद के जयराम यादव को 1708 वोट आये हैं।


पटना की दोनों सीटों पर नतीजों का इंतजार

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतगणना जारी है। तिरहुत शिक्षक सीट पर बीजेपी उम्मीदवार की जीत के बाद अन्य सीटों के नतीजों पर भी नजरें टिकी हैं। पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना भी चल रही है। इन दोनों सीटों के परिणाम देर रात तक आने की संभावना जताई जा रही है।