Bihar MLC elections 2026: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का दंगल,सूरजभान सिंह के भाई पूर्व एमपी चंदन सिंह ने नीरज कुमार के समर्थन का किया ऐलान

सूरजभान सिंह के भाई और चर्चित नेता पूर्व सांसद चंदन सिंह ने खुलकर नीरज कुमार के पक्ष में समर्थन का ऐलान किया है।

सूरजभान सिंह के भाई चंदन सिंह करेंगे नीरज कुमार का समर्थन- फोटो : X

Bihar MLC elections 2026: बिहार विधान परिषद की बहुचर्चित पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर मतदान से पहले सूबे की सियासत में हलचल तेज हो गई है। चुनावी मैदान में रोज नए समीकरण बन रहे हैं और पुराने गठजोड़ की गांठें भी खुलती नजर आ रही हैं। एक तरफ मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बगावती तेवर अपनाते हुए जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में मोर्चा खोल रखा है, तो दूसरी तरफ जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार को बड़ी सियासी राहत मिली है। सूरजभान सिंह के भाई और चर्चित नेता पूर्व सांसद चंदन सिंह ने खुलकर नीरज कुमार के पक्ष में समर्थन का ऐलान किया है। उनके इस फैसले से चुनावी जंग में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।

प्रतिष्ठा की लड़ाई बनी पटना स्नातक सीट

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इस बार महज एक सीट की लड़ाई नहीं, बल्कि सियासी रसूख और राजनीतिक प्रतिष्ठा की कसौटी बन गया है। इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 87,583 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार के लिए यह चुनाव अपनी सियासी पकड़ और जनाधार को फिर साबित करने का मौका है। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि चंदन सिंह का समर्थन नीरज कुमार के पक्ष में माहौल बनाने में मददगार साबित हो सकता है। इस ऐलान ने जेडीयू खेमे को नई ऊर्जा दी है और चुनावी चर्चा को और धारदार बना दिया है।

अनंत सिंह की बगावत से बढ़ी तल्खी

इस चुनाव की खास बात यह है कि सियासी जंग में विचारधारा के साथ-साथ पुरानी अदावत और व्यक्तिगत रंजिश भी खुलकर सामने आ रही है। मोकामा विधायक अनंत सिंह नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं। बताया जाता है कि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान नीरज कुमार की ओर से उनके खिलाफ प्रचार किए जाने से दोनों नेताओं के बीच तल्खी बढ़ी थी। अब अनंत सिंह जन सुराज समर्थित उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं और उनकी जीत के लिए जोर लगा रहे हैं।

दूसरी ओर, नीरज कुमार ने विरोधियों के हमलों के बीच पीछे हटने के बजाय मुकाबले में डटे रहने का संकेत दिया है। उनका जोर अपने कामकाज और जनसंपर्क के आधार पर मतदाताओं का भरोसा हासिल करने पर है।

नतीजों से खुलेगा सियासी तस्वीर का राज

पटना स्नातक सीट पर अब सबकी निगाहें मतदान और उसके बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या नीरज कुमार चंदन सिंह के समर्थन और अपने पुराने जनाधार के सहारे जीत की राह आसान कर पाएंगे, या अनंत सिंह की सक्रियता और विपक्षी खेमे की रणनीति मुकाबले को नया मोड़ देगी? फिलहाल चुनावी रण में दांव-पेच, बयानबाजी और समर्थन के ऐलान ने माहौल को बेहद दिलचस्प बना दिया है। असली फैसला मतदाताओं के रुख से ही होगा।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह