'CM सम्राट ने BJP कोटे के मंत्रियों संग क्यों की बैठक', संजय सरावगी ने खोला राज, तेजस्वी यादव को बड़ी नसीहत
कांग्रेस के इस आरोप पर कि एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और इसी वजह से भाजपा कोटे के मंत्रियों की बैठक बुलाई गई, सरावगी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद एकजुट होकर चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं है।
Bihar News : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से 19 अगस्त को छात्रों के हित में राजभवन मार्च निकालने की घोषणा पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को तीखा हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर छात्रों के मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब बिहार में बड़ा छात्र आंदोलन चल रहा था, तब तेजस्वी यादव यूरोप में थे। उन्होंने कहा कि छात्रों से तेजस्वी यादव का कोई मतलब नहीं है। संजय सरावगी ने कहा कि बिहार की जनता ने इसका जवाब चुनाव में दे दिया है। उन्होंने बांकीपुर उपचुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी तेजस्वी यादव के उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई। ऐसे में छात्रों के हित में राजभवन मार्च निकालने की घोषणा केवल राजनीतिक दिखावा है।
हाजीपुर हत्याकांड पर जताया दुख
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हाजीपुर में कंस्ट्रक्शन ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या की घटना पर भी गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि हत्या की घटना बेहद दुखद और गंभीर है। किसी भी हालत में हत्यारों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। संजय सरावगी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। उन्होंने दावा किया कि 48 घंटे के भीतर अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अब पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
भाजपा कोटे के मंत्रियों की बैठक पर बोले सरावगी
मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा कोटे के मंत्रियों की हुई बैठक को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर संजय सरावगी ने कहा कि यह पूरी तरह सामान्य प्रक्रिया है। मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों के साथ नियमित रूप से बैठक करते हैं और सरकार के रोजमर्रा के कामकाज पर चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि बैठक को लेकर किसी तरह का राजनीतिक अर्थ निकालना उचित नहीं है।
कांग्रेस के इस आरोप पर कि एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और इसी वजह से भाजपा कोटे के मंत्रियों की बैठक बुलाई गई, सरावगी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद एकजुट होकर चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग एक गाड़ी में भी ठीक से नहीं बैठ सकते, उन्हें एनडीए की एकजुटता पर सवाल उठाने से पहले अपने गठबंधन को देखना चाहिए।
नीतीश कुमार की दिल्ली बैठक पर भी दिया जवाब
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली में जनता दल यूनाइटेड के सांसदों के साथ बैठक करने को लेकर भाजपा के डरने के सवाल पर संजय सरावगी ने कहा कि नीतीश कुमार जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। ऐसे में पार्टी के सांसदों के साथ बैठक करना एक स्वाभाविक राजनीतिक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि इसे किसी दूसरे नजरिए से देखने की जरूरत नहीं है।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
छात्र आंदोलन के बीच लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गैरमौजूदगी को लेकर राहुल गांधी के सवाल पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ''अराजकता और झूठ का पोस्टर बॉय'' बताया। सरावगी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पिछले 17-18 दिनों से लोकसभा की कार्यवाही नहीं चलने दे रहे हैं और उन्हें छात्रों की समस्याओं से कोई वास्तविक सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय सदन में सकारात्मक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए।
नरोत्तम की रिपोर्ट