पटना:बिक्रम में भाकपा माले का प्रदर्शन,5 डिसमिल जमीन और 3000 रुपये पेंशन की मांग को लेकर गूंजा प्रखंड मुख्यालय

पटना के बिक्रम प्रखंड मुख्यालय पर भाकपा माले ने 8 सूत्री मांगों को लेकर विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में सभी भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन व पक्का मकान देने,पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने जैसी मांगें प्रमुखता से शामिल

बिक्रम में भाकपा माले का प्रदर्शन,5 डिसमिल जमीन और 3000 रुपये पेंशन की मांग को लेकर गूंज- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम प्रखंड में भाकपा माले और खेग्रामस (खेतीहर ग्रामीण मजदूर सभा) के नेतृत्व में आठ सूत्री मांगों को लेकर एक विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रखंड कार्यालय से झंडा-बैनर लिए हजारों की संख्या में गरीब, मजदूर और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में सभी भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन व पक्का मकान देने, पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा दिलाने, दाखिल-खारिज व परिमार्जन में व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 3,000 रुपये करने जैसी मांगें प्रमुखता से शामिल रहीं।


जनता के आगमन पर अधिकारी व कर्मचारी नदारद: परिसर में घंटों हंगामा

प्रदर्शनकारी जैसे ही मार्च करते हुए अंचल कार्यालय परिसर में दाखिल हुए, वहाँ अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई। अंचलाधिकारी (CO) पहले से ही अनुपस्थित थीं और अंचल के अन्य कर्मचारी भी अपना दफ्तर छोड़कर मौके से गायब हो गए। अधिकारियों और कर्मियों की इस अनुपस्थिति से नाराज आक्रोशित जनता ने अंचल परिसर में घंटों सरकार विरोधी नारेबाजी की। बाद में यह मार्च एक बड़ी सभा में बदल गया, जिसकी अध्यक्षता माले नेता शंकर पासवान ने की। नेताओं ने जनता के कार्यों की अनदेखी करने को लेकर अंचल प्रशासन की कार्यशैली की कड़े शब्दों में निंदा की।सभा को संबोधित करने वाले में कामरेड मंगल प्रसाद रामबचन वर्मा भाकपा माले प्रखंड सचिव मंटू यादव ने भी संबोधित किया,उक्त अवसर पर माले नेता सजीवन दास, सलीम अंसारी, राम बच्चन वर्मा, ललन शर्मा, कृष्ण दास, कृष्णा पासवान, नंदकेश्वर पासवान, लीला देवी, सुंदर चंद्रवंशी, राजकुमार दास, विजेंद्र पासवान,अकेंद्र मांझी भी उपस्थित रहे। 

'बसेरा' योजना में खानापूर्ति का आरोप: एक माह में कब्जा न मिलने पर माले की चेतावनी

सभा को संबोधित करते हुए राज्य कमेटी सदस्य कामरेड कमलेश कुमार और खेग्रामस जिला सचिव सत्यनारायण प्रसाद ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन देने की घोषणा तो की थी, लेकिन 'बसेरा' योजना के तहत केवल खानापूर्ति की जा रही है। बहुत से गरीबों को सरकारी पर्चा तो मिला, लेकिन आज तक जमीन पर वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका है। माले नेताओं ने अंचल प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर पर्चाधारियों को उनकी आवंटित जमीनों पर दखल-कब्जा नहीं दिलाया गया, तो भाकपा माले खुद आगे बढ़कर कब्जा दिलाने का काम करेगी।

बीडीओ ने सुनीं समस्याएं: टीवी बीमारी के प्रति जागरूकता के साथ दिया आश्वासन

काफी हंगामे के बाद बिक्रम प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) पंकज कुमार ने प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचकर उनकी सभी मांगों और समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। बीडीओ ने नियमानुसार सभी जायज समस्याओं के त्वरित निष्पादन का भरोसा दिलाया। इस मौके पर प्रशासनिक चर्चा के साथ-साथ उन्होंने स्वास्थ्य सुरक्षा पर भी जोर दिया। बीडीओ ने जनता को टीबी (TBC) बीमारी के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए बताया कि बिक्रम में हुई 3,500 जांचों में 15 से अधिक नए संक्रमित मरीज मिले हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को लगातार खांसी या शाम के वक्त बुखार आता हो, तो वे सरकारी अस्पताल में अपनी जांच जरूर कराएं।

रिपोर्ट - ऋषिकेश