Bihar Weather: बिहार में अगले 72 घंटे भारी, पटना से किशनगंज तक मौसम का कहर,आंधी-बारिश और ठनका का अलर्ट, 6 जिला के लोगों को घरों में रहने की सलाह
Bihar Weather: मई का महीना चल रहा है, लेकिन बिहार में मौसम ने ऐसा करवट लिया है कि लोगों को तपती गर्मी और लू से फिलहाल राहत मिल गई है।
Bihar Weather: मई का महीना चल रहा है, लेकिन बिहार में मौसम ने ऐसा करवट लिया है कि लोगों को तपती गर्मी और लू से फिलहाल राहत मिल गई है। हालांकि यह राहत अपने साथ बड़ा खतरा भी लेकर आई है। कहीं धूल भरी आंधियां चल रही हैं, कहीं तेज बारिश और ओलावृष्टि हो रही है, तो कहीं आसमान से ठनका गिरने का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों को बेहद संवेदनशील बताते हुए बिहार के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो गई हैं। इसी वजह से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है।
राजधानी पटना समेत गया, भागलपुर, अररिया, किशनगंज और पश्चिमी चंपारण सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने खासतौर पर ठनका गिरने को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पिछले कुछ दिनों में बदले मौसम की वजह से राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को गर्मी और उमस से राहत जरूर मिली है, लेकिन लगातार बिजली गिरने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों में किसानों को खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है, क्योंकि तेज हवाएं और ओलावृष्टि फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 11 मई के बीच बिहार में मौसम लगातार बदला रहेगा। कई जगहों पर 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज के साथ बारिश हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा जरूरत न हो तो घरों से बाहर निकलने से बचें।
बिहार में फिलहाल मौसम राहत और आफत दोनों का पैगाम लेकर आया है। ऐसे में अगले 72 घंटे पूरे राज्य के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।