बिहार में फिर लागू हुई 4 पुलिस जोन प्रणाली: पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में आईजी-डीआईजी संभालेंगे कमान

राज्य में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सरकार ने 4 प्रमुख पुलिस जोनों (पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर) की व्यवस्था पुनः लागू कर दी है। गृह विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

बिहार में 4 पुलिस जोन प्रणाली लागू- फोटो : Reporter

बिहार में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। सरकार ने पुलिस रेंज व्यवस्था के साथ-साथ राज्य को एक बार फिर 4 प्रमुख पुलिस जोनों में विभाजित कर दिया है। गृह विभाग (सरकार के अवर सचिव) द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है, जिससे पुलिसिंग की दक्षता में सुधार की उम्मीद है।


पटना और मुजफ्फरपुर जोन के तहत शामिल जिले

नई व्यवस्था के तहत पटना पुलिस जोन में केंद्रीय पटना, नालंदा, मगध और शाहाबाद क्षेत्र के 11 जिलों—पटना, नालंदा, गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, अरवल, बक्सर, भोजपुर, रोहतास और कैमूर को शामिल किया गया है, जो पटना आईजी के नियंत्रण में रहेंगे। वहीं, मुजफ्फरपुर पुलिस जोन में उत्तर बिहार, तिरहुत और सारण प्रमंडल के मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, बेतिया/बगहा, सारण, सिवान और गोपालगंज जिले शामिल किए गए हैं।


दरभंगा और भागलपुर जोन का भौगोलिक दायरा

तीसरे दरभंगा पुलिस जोन में मिथिलांचल और सीमांचल के 10 जिलों—दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार और अररिया को रखा गया है। इसके अलावा, चौथे भागलपुर पुलिस जोन के अंतर्गत अंग प्रदेश और मुंगेर प्रमंडल के भागलपुर, बांका, नवगछिया, मुंगेर, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय और खगड़िया जिलों को शामिल किया गया है।


अपराध नियंत्रण और त्वरित न्याय की दिशा में कदम

प्रशासनिक विश्लेषकों का मानना है कि पुलिस जोनों की पुनर्स्थापना से क्षेत्रीय स्तर पर निगरानी (Monitoring) व्यवस्था काफी बेहतर होगी। इससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलने के साथ-साथ पीड़ित आम जनता को त्वरित न्याय मिल सकेगा। आवश्यकतानुसार इन जोनों में डीआईजी (DIG) स्तर के अधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी, जिससे पुलिस प्रशासनिक नेटवर्क को और अधिक मजबूती मिलेगी।

पुष्कर प्रवीण की रिपोर्ट