Bihar Police:बिहार पुलिस को मिलेगा देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान, राष्ट्रपति कलर अवार्ड से होंगे सम्मानित

Bihar Police: बिहार पुलिस को देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान राष्ट्रपति का कलर अवार्ड इस साल दिसंबर में प्रदान किया जा सकता है।...

बिहार पुलिस को मिलेगा निशान सम्मान- फोटो : X

Bihar Police: बिहार पुलिस को देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान राष्ट्रपति का कलर अवार्ड इस साल दिसंबर में प्रदान किया जा सकता है। इसे लेकर पटना स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 (बीसैप-5) परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पुलिस मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समारोह में बिहार पुलिस को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान कर सकते हैं। हालांकि, कार्यक्रम की तारीख और आयोजन से जुड़ी अंतिम आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।दरअसल, इसी साल अप्रैल में बिहार पुलिस को समग्र पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति का कलर अवार्ड देने की घोषणा की गई थी। यह सम्मान पुलिस बल की स्थापना से लेकर अब तक की असाधारण सेवाओं, वीरता, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए प्रदान किया जाता है। इसे पुलिस बल के लिए अत्यंत प्रतिष्ठित उपलब्धि माना जाता है।

प्रतिष्ठित सम्मान

राष्ट्रपति का कलर अवार्ड पुलिस बल को उसके उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड और उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाता है। इसे ‘निशान’ के नाम से भी जाना जाता है। यह सम्मान मिलने के बाद बिहार पुलिस को एक विशेष ध्वज और बैज भी प्रदान किया जाएगा। पुलिसकर्मी इस विशेष चिह्न को अपनी वर्दी की बाईं आस्तीन पर बाजू के पास धारण कर सकेंगे।यह सम्मान बिहार पुलिस के लिए गौरव का विषय होगा। इससे पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों का मनोबल बढ़ने के साथ-साथ संगठन की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।

आयोजन पर खर्च होंगे करीब 18 करोड़ रुपये

राष्ट्रपति कलर अवार्ड समारोह के आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए बीसैप-5 परिसर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है। इसके लिए गृह विभाग ने तीन योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इन योजनाओं पर लगभग 18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।योजना के तहत करीब छह करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण और परेड ग्राउंड के विकास का काम किया जाएगा। इसके अलावा, पांच करोड़ रुपये से फैब्रिक शेड का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, गैलरी, किले की दीवार, फर्नीचर और अन्य तकनीकी कार्यों पर लगभग सात करोड़ 29 लाख रुपये खर्च किए जाने की योजना है।

इन तैयारियों का उद्देश्य समारोह के दौरान परेड, अतिथियों की व्यवस्था और अन्य आयोजन संबंधी गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। दिसंबर में प्रस्तावित इस कार्यक्रम को लेकर अब बिहार पुलिस और संबंधित विभागों की तैयारियां तेज होने की संभावना है।