Bihar Electricity: बिहार में आज से बिजली हुई महंगी! सुबह-सुबह सस्ती, शाम में महंगी बिजली का जान लीजिए नए रेट का गुणा गणित

Bihar Electricity:आज यानी एक अप्रैल से बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई टीओडी टैरिफ लागू हो गई है।

बिहार में आज से बिजली हुई महंगी- फोटो : social Media

Bihar Electricity:आज  यानी एक अप्रैल से बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई टीओडी (Time of Day) टैरिफ लागू हो गई है। इस व्यवस्था के तहत बिजली की दर अब दिन और शाम के समय के हिसाब से अलग-अलग तय की जाएगी। कृषि कनेक्शन को छोड़कर सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ता इसका लाभ उठा सकते हैं।

शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नई दरें इस प्रकार हैं: रात 11 बजे से सुबह 9 बजे: प्रति यूनिट 3.87 रुपए (सरकार की सब्सिडी 3.30 रुपए/यूनिट शामिल)

सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे: प्रति यूनिट 2.30 रुपए

शाम 5 बजे से रात 11 बजे: प्रति यूनिट 4.61 रुपए

पहले यानी 31 मार्च तक पीक आवर में उपभोक्ताओं को 5.27 रुपए प्रति यूनिट देना पड़ता था, अब यह घटकर 4.61 रुपए प्रति यूनिट हो गया है। यानी प्रति यूनिट 66 पैसे की राहत। नई व्यवस्था में खपत के हिसाब से बिल में अंतर भी होगा। उदाहरण के लिए दिन के समय (9 बजे–5 बजे) यदि 100 रुपए की खपत होती है, तो उपभोक्ता केवल 80 रुपए का बिल देंगे। शाम के पीक आवर (5 बजे–11 बजे) में 100 रुपए की खपत पर बिल 120 रुपए होगा, लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इसे आयोग ने 110 रुपए ही तय किया है। व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं से 120 फीसदी राशि वसूली जाएगी।

यह व्यवस्था फिलहाल स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले 87 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के लिए लागू है। इससे पहले यह सुविधा केवल औद्योगिक और व्यावसायिक उपभोक्ताओं तक सीमित थी। सरकार का लक्ष्य इस नई व्यवस्था से बिजली की स्मार्ट खपत बढ़ाना और पीक आवर में लोड कम करना है। यानी उपभोक्ताओं को सही समय पर बिजली इस्तेमाल करने पर सस्ता बिल और शाम के पीक आवर में थोड़ा महंगा बिल देना होगा।