बिहार बोर्ड से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराएं अब ऑनलाइन, शिक्षा मंत्री बनते ही मिथिलेश तिवारी की बड़ी पहल

बिहार बोर्ड से जुडी समस्याओं के समाधान के लिए एक अनोखी पहल की शुरुआत शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने की है, यह अपने किस्म का विशेष प्रयोग है जो लोगों की परेशानियों का त्वरित समाधान देगा.

Bihar School Examination Board - फोटो : news4nation

BSEB :  बिहार विद्यालय परीक्षा समिति कार्यालय में छात्रों और अभ्यर्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूछताछ सह शिकायत केंद्र की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन बुधवार को बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने किया। इस मौके पर बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर भी मौजूद रहे।


कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने ऑनलाइन ग्रीवांस पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे और उनकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी। बोर्ड का दावा है कि इससे शिकायतों के निपटारे में पारदर्शिता और तेजी आएगी।


बिहार बोर्ड की ओर से माध्यमिक और उच्च माध्यमिक प्रभाग के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, ताकि छात्रों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। राज्य के सभी जिलों के विद्यार्थी इस केंद्र के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।


बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्रीय कार्यालयों में जिन छात्रों की शिकायतों का समाधान नहीं हो पाता है, वे अब सीधे पटना स्थित इस शिकायत केंद्र में अपनी समस्या रख सकेंगे। इससे छात्रों और अभ्यर्थियों को बड़ी सहूलियत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

अभिजीत की रिपोर्ट