Bihar School Timing: बिहार में कल से बदल जाएगी स्कूलों की टाइमिंग, जानिए अब कब से चलेगी कक्षाएं, कब होगी छुट्टी...सब कुछ

Bihar School Timing: बिहार के सरकारी स्कूलों में कल यानी 22 जून से टाइमिंग बदल जाएगा। अब छात्र-छात्राओं को नए समय सारिणी के अनुसार विद्यालय जाना होगा। बता दें कि कल से गर्मी की छुट्टी खत्म हो रही है..

स्कूलों का समय सारिणी जारी- फोटो : social media

Bihar School Timing:  बिहार के सभी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त प्रारंभिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक स्कूलों, संस्कृत विद्यालयों और मदरसों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। ग्रीष्मावकाश के बाद अब ये संस्थान सुबह 9:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक संचालित होंगे। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने शुक्रवार को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को पत्र जारी कर निर्देश दिया है।

23 से खुलेंगे सभी स्कूल

राज्य में गर्मी की छुट्टियां 2 जून से 22 जून तक घोषित की गई थीं। अब 23 जून (सोमवार) से सभी स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी। हालांकि मदरसे रविवार को भी खुलते हैं इसलिए वहां 22 जून से ही नया समय लागू हो जाएगा। दरअसल, गर्मी के मद्देनजर 7 अप्रैल से 1 जून तक स्कूलों के लिए विशेष समय सारिणी लागू की गई थी। उस दौरान स्कूल सुबह 6:30 से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित हो रहे थे। 

अब तक 6:30 से 12:30 बजे तक चल रही थीं कक्षाएं

गर्मी की छुट्टी से पहले राज्य के सभी स्कूल सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित हो रहे थे। जिसके तहत सभी स्कूल सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक खुले रखने का फैसला लिया गया था। जिसमें सुबह 6:30 बजे से 7:00 बजे तक प्रार्थना, पहली कक्षा सुबह 7:00 बजे से 7:40 बजे तक, दूसरी कक्षा 7:40 से 8:20 तक और तीसरी कक्षा 8:20 से 9:00 बजे तक थी। फिर, 9:00 बजे से 9:40 बजे तक मध्यान्तर (एमडीए) था। चौथी घंटी सुबह 9:40 से 10:20 बजे तक, पांचवीं घंटी- सुबह 10:20 से 11:00 बजे तक, छठी घंटी- सुबह 11:00 से 11:40 बजे तक और आखिरी घंटी सुबह 11:40 से दोपहर 12:20 तक थी।

9.30 से स्कूल होंगे संचालित 

वहीं अब स्कूल खुलेंगे तो छात्रों को 9.30 से स्कूल जाना होगा और उनकी छुट्टी 4:00 बजे होगी। आदेश के अनुसार सुबह 9.30 से 10 बजे तक विद्यालयों में प्रार्थना आदि होगी। सुबह 10 से 10.40 बजे तक पहली घंटी चलेगी। 10.40 से 11.20 बजे तक दूसरी घंटी चलेगी। 11.20 से मध्याह्न 12 बजे तक तीसरी चलेगी। मध्याह्न 12 से अपराह्न 12.40 बजे तक टिफिन होगी। टिफिन में ही प्रारंभिक विद्यालयों में बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसे जाएंगे। दोपहर 12.40 से 1.20 बजे तक चौथी घंटी चलेगी। 1.20 से दो बजे तक पांचवीं घंटी चलेगी। दो बजे से 2.40 बजे तक छठी घंटी रहेगी।  2.40 से 3.20 बजे तक सातवीं घंटी चलेगी। 3.20 से चार बजे तक आठवीं घंटी रहेगी। वहीं चार बजे छुट्टी हो जाएगी। 

सामान्य शेड्यूल से चलेंगी कक्षाएं 

दरअसल, अब जब प्रदेश में गर्मियों से राहत मिल गई है तो स्कूलों में सामान्य शेड्यूल के अनुसार पूरा दिन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। नई समय सारिणी के तहत प्रार्थना, विषयवार कक्षाएं, मध्याह्न भोजन और अन्य गतिविधियों के लिए समय निर्धारित किया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि स्कूल खुलने से पहले साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, बच्चों की उपस्थिति को नियमित बनाए रखने के लिए अभिभावकों को भी सूचना दी जा रही है।