Bihar Sports : बिहार स्टेट गेम्स 2026 का 2 से 10 दिसंबर तक होगा आयोजन, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने शुभंकर और जर्सी का किया अनावरण
Bihar Sports :आगामी 2 से 10 दिसंबर तक बिहार स्टेट गेम्स 2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें 5500 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.....पढ़िए आगे
PATNA : बिहार में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें राज्य स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। आगामी 2 से 10 दिसंबर तक बिहार स्टेट गेम्स 2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें 5500 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन को लेकर मंगलवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में भव्य समारोह आयोजित किया गया। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने समारोह में बिहार स्टेट गेम्स 2026 के शुभंकर और आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार स्टेट गेम्स केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें आगे बढ़ाने और भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे है। राज्य में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। बिहार स्टेट गेम्स के माध्यम से अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।
2036 ओलंपिक के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयारियां जरूरी
मंत्री ने कहा कि भारत के 2036 ओलंपिक आयोजन के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बिहार को भी अभी से अपनी खेल तैयारियां मजबूत करनी होंगी। आने वाले समय में बिहार के अधिक से अधिक खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा बनें और ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करें। उन्होंने जमुई के शैलेश कुमार सहित प्रदेश के उन खिलाड़ियों का उल्लेख किया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों से बिहार का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रतिभाओं को सही समय पर पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकता
खेल मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिहार के खिलाड़ियों को सम्मान राशि के रूप में तीन करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की गई है। खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मान देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों को उचित सम्मान मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है। राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए आवश्यक सुविधाओं और अवसरों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
खेल विभाग, खेल प्राधिकरण और ओलंपिक संघ के समन्वय से आयोजन
खेल मंत्री ने कहा कि बिहार स्टेट गेम्स की परिकल्पना को साकार करने के लिए खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार ओलंपिक संघ के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया गया है। आयोजन की रूपरेखा तैयार करने से लेकर इसके सफल संचालन तक सभी संबंधित संस्थाएं मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सहयोग और मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में खेलों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। दूसरे राज्यों में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं की अच्छी व्यवस्थाओं और अनुभवों से सीख लेकर बिहार में भी खेल आयोजनों को बेहतर बनाया जाना चाहिए। इसके लिए खेल संघों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हुआ शुभंकर और जर्सी का अनावरण
पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में आयोजित समारोह की शुरुआत राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुई। दीप प्रज्वलन के बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। बिहार की लोकसंस्कृति और परंपरा की झलक के बीच बिहार स्टेट गेम्स 2026 के शुभंकर और आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया गया। इस अवसर पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के साथ विधायक एवं गेम्स संचालन समिति के अध्यक्ष रत्नेश कुशवाहा, विधान पार्षद एवं संचालन समिति के सदस्य अशरफ अंसारी, नवल किशोर चौधरी (आईएएस), खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रन शंकरण तथा बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार और सचिव प्रदीप कुमार मौजूद रहे। समारोह में विधायक रत्नेश कुशवाहा, विधान पार्षद अशरफ अंसारी, नवल किशोर चौधरी, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रन शंकरण ने भी अपने विचार रखे। बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार एवं सचिव प्रदीप कुमार ने अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन किया। इस मौके पर विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल जगत से जुड़े लोग उपस्थित थे।